ऑथर Mazkoor Alam

आईआईटी-बीएचयू गैंगरेप : अखिलेश ने साधा निशाना- ये हैं भाजपा की नई फसल

Uttar Pradesh Times | Akhilesh Yadav

Jan 01, 2024 19:49

गैंगरेप की घटना एक नवंबर की है। छात्रा ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इस मुद्दे को लेकर करीब दो महीने तक छात्र-छात्रा लगातार कैंपस में धरना-प्रर्दशन कर विरोध जताते रहे। इसके बाद कहीं जाकर तीनों आरोपियों कुणाल पांडेय, सक्षम पटेल और अभिषेक चौहान की गिरफ्तारी हुई।

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आईआईटी बीएचयू में गैंगरेप के आरोपियों की गिरफ्तारी में की गई देरी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की छत्रछाया में पनपते हैं। इनकी गिरफ्तारी जनता के दबाव के कारण की गई। गैंगरेप के ये आरोपी भाजपा से जुड़े हुए थे और इनकी काफी विरोध के बाद इनकी गिरफ्तारी दो माह हुई। 

‘जनता के दबाव में किया गिरफ्तार’
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने एक्स पर लिखा- ‘ये भाजपा के दिग्गज नेताओं की छत्रछाया में सरेआम पनपते और घूमते भाजपाइयों की वो नई फसल, जिनकी 'तथाकथित जीरो टालरेंस सरकार' में दिखावटी तलाश जारी थी, लेकिन पुख्ता सबूतों और जनता के बीच बढ़ते गुस्से के दबाव में भाजपा सरकार को आखिरकार इन दुष्कर्मियों को गिरफ्तार करना ही पड़ा। ये वही भाजपाई हैं, जिन्होंने बीएचयू की एक छात्रा के साथ अभद्रता की सभी सीमाएं तोड़ दी थीं।’

‘नारी सम्मान के साथ खिलवाड़’
अखिलेश ने आगे लिखा कि देशभर की एक-एक नारी देख रही है कि भाजपा नारी-सम्मान के साथ कैसा मनमाना खिलवाड़ कर रही है। महिला अत्याचार, उत्पीड़न और दुष्कर्म के आरोपियों को बचा रही है। आगामी चुनाव में महिलाएं भाजपा को एक भी वोट नहीं देंगी। महिलाएं ही भाजपा की हार का कारण बनेंगी। भाजपा का सच आज जनता के सामने है। जनता आगामी चुनाव में भाजपा को हराकर अपना फैसला भी देगी और महिलाओं के साथ इंसाफ करेगी।’

ये है पूरा मामला
गैंगरेप की ये वारदात 1 नवंबर को बीएचयू कैंपस में आधी रात को हुई थी। पीड़ित छात्रा को अलग ले जाकर मवालियों ने उसके कपड़े उतरवा दिए और उसे किस किया। इतना ही नहीं, इसका वीडियो भी बना लिया और छात्रा का मोबाइल नंबर भी ले लिया। छात्रा ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। मगर इसके बावजू कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस मुद्दे को लेकर करीब दो महीने तक छात्र-छात्रा लगातार कैंपस में धरना-प्रर्दशन कर विरोध जताते रहे। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों कुणाल पांडेय, सक्षम पटेल और अभिषेक चौहान को गिरफ्तार किया। इन तीनों का संबंध भाजपा से है। विपक्षी हमले के बाद पार्टी ने इन तीनों को निष्कासित कर दिया है।

Also Read