Lucknow News: सीएम योगी ने कहा- विशेष सिक्योरिटी फीचर्स के साथ जल्द ऑनलाइन उपलब्ध होंगे ई-स्टाम्प

UPT | CM Yogi Adityanath

Jun 25, 2024 10:56

आंकड़ों के आधार पर 100 रुपए से अधिक मूल्य के 47 लाख से अधिक ई-स्टाम्प जारी किये गये, वहीं 100 रुपए से कम मूल्य के 2 करोड़ 56 लाख से अधिक ई-स्टाम्प पेपर जारी किये जा चुके हैं।

Short Highlights
  • नौ तरह की  सिक्योरिटी फीचर्स के साथ उपलब्ध होंगे ई- स्टाम्प 
  • दस रुपए के स्टाम्प पेपर पर 16 रुपए मुद्रण खर्च
  • पिछले साल कम मूल्य के 2 करोड़ 56 लाख से अधिक ई-स्टाम्प पेपर जारी
Lucknow News:  योगी सरकार ई-स्टाम्प को और अधिक सुरक्षित बनाने की तैयारियों में हैं। स्टाम्प एवं पंजीकरण विभाग ने इसके लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुरुआत में कम मूल्य के ई-स्टाम्प के जरिए इस सुविधा का लाभ जनता को दिया जायेगा। इन ई-स्टाम्प को आधार कार्ड से जोड़ कर ऑनलाइन सत्यापन के बाद पर्सनलाइज्ड किया जा सकेगा, जिसे आधार कार्ड धारक के द्वारा प्राधिकृत व्यक्ति के प्रयोग के लिए प्राप्त किया जा सकेगा। इससे नकली स्टाम्प के डर से पूरी तरह से मुक्ति मिलेगी। विभाग ने ई-स्टाम्प के नए प्रारूप की डिजाइन भी फाइनल कर ली है।

होंगे विशेष सिक्योरिटी फीचर्स 
विशेष सिक्योरिटी फीचर्स के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान में 100 रुपए से कम के ई-स्टाम्प के लिए नया प्रारूप तैयार करने और इसे सुरक्षित बनाने के लिए 9 प्रकार के विशेष सिक्योरिटी फीचर्स का उपयोग करने का निर्देश दिया है। इनमें 1-डी बार कोड, स्टैटिक लाइन, एसडी अमाउंट, स्टैटिक एसडी अमाउंट, टेक्स्ट थ्रेड, एएसवाईएम सर्टिफिकेट आईडी, खरीददार का नाम, सिंगल लेयर लोगो, टेक्स्ट थ्रेड डेट, टेक्स्ट रिबन, और बीजी शामिल हैं। इन सुरक्षा फीचर्स के प्रयोग से अब नकली ई-स्टाम्प बनाना असंभव हो जाएगा।

इस काम आते हैं ई-स्टाम्प पेपर 
बता दें कि 10 रुपए के स्टाम्प पेपर के मुद्रण में तकरीबन 16 रुपए का खर्च आता है। इसमें कानपुर डिपो से उसके परिवहन की लागत भी शामिल है। छोटे मूल्य के स्टाम्प का प्रयोग अपेक्षाकृत अधिक होता है। शपथ पत्र, विभिन्न प्रकार की शासकीय योजनाओं, विद्यालय, महाविद्यालय में प्रवेश के वक्त, सेवायोजन में और लोक शिकायतों में छोटे मूल्य के स्टाम्प पेपर इस्तेमाल में लाए जाते हैं।

कम मूल्य के ई-स्टाम्प की, अधिक डिमांड 
पिछले साल 2023-24  के आंकड़ों पर गौर करें तो 100 रुपए से अधिक मूल्य के 47 लाख से अधिक ई-स्टाम्प जारी किये गये, वहीं 100 रुपए से कम मूल्य के 2 करोड़ 56 लाख से अधिक ई-स्टाम्प पेपर जारी किये जा चुके हैं। माना जाता है कि छोटे मूल्य के स्टाम्प पर आनुपातिक कमीशन कम होता है, ऐसे में अक्सर ऐसी शिकायतें भी मिलती हैं कि कुछ वेंडर छोटे मूल्य के स्टाम्प की कृत्रिम किल्लत बताकर कालाबाजारी का भी प्रयास करते हैं। अब छोटे मूल्य के सुरक्षित ई-स्टाम्प की उपलब्धता के बाद इस प्रकार की समस्याओं से भी छुटकारा मिलेगा।

Also Read