UP News : सिपाही भर्ती व आरओ-एआरओ पेपर लीक के दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड के खोले राज

UPT | पकड़े गए अभियुक्त संजय सिंह कुशवाहा और कामेश्वर नाथ मौर्या।

Sep 06, 2024 18:47

सिपाही भर्ती व आरओ-एआरओ परीक्षा का पेपर लीक कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को यूपी एसटीएफ ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त संजय सिंह कुशवाहा और कामेश्वर नाथ मौर्या प्रयागराज के ही रहने वाले हैं।

Lucknow News : सिपाही भर्ती व आरओ-एआरओ परीक्षा का पेपर लीक कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त संजय सिंह कुशवाहा और कामेश्वर नाथ मौर्या प्रयागराज के ही रहने वाले हैं। दोनों मुख्य आरोपी राजीव नयन मिश्रा उर्फ राहुल और रवि अत्री के गिरोह में शामिल थे। इनके पास से एक स्कॉर्पियो, मोबाइल फोन समेत नकदी बरामद की गई है। अभियुक्तों को मीडिया के सामने शुक्रवार को लाया गया।

स्कार्पियों गाड़ी से दोनों को दबोचा 
एसटीएफ की प्रयागराज इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि सिपाही भर्ती व आरओ-एआरओ परीक्षा का पेपर लीक कराने वाले गिरोह के सदस्य थाना क्षेत्र कीडगंज में घोष स्वीट हाउस के पीछे काली रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (UP70GW9798) में मौजूद हैं। एसटीएफ ने पुलिस के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचकर गिरोह के सदस्य कामेश्वर नाथ मौर्या और संजय सिंह कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।

अभ्यर्थियों को लेकर गए एमपी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रिन्टिंग प्रेस में काम करने वाले सुनील रघुवंशी ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र को बाहर निकलवाकर विशाल दुबे, सुभाष प्रकाश के जरिए राजीव नयन मिश्रा तक पहुंचाया था। इसके बाद राजीव ने अपने गैंग के सदस्यों और एजेण्टों के साथ पकड़े गए अभियुक्तों को प्रश्न पत्र भेजकर पढ़वाया। इस​के लिए प्रति अभ्यर्थी से 12-12 लाख  रुपए तय किए गए थे। कुछ रुपए एडवांस में लिए थे। इन दोनों अभियुक्तों को पुलिस भर्ती परीक्षा-2023 के अभ्यर्थियों को पेपर पढ़वाने के लिए स्कॉर्पियो गाड़ी और बस से मध्य प्रदेश के रीवा में शिव महाशक्ति रिसोर्ट भेजा गया था। रिसोर्ट मालिक के खाते में पांच लाख रूपये भी भेजे गये थे। प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिराह पर केस दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों अभियुक्त छिप कर रह रहे थे।   
यूपी एसटीएफ कर रही पेपर लीक मामले की जांच 
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) परीक्षा-2023, 11 फरवरी 2024 को यूपी के अलग-अलग परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई थी। हालांकि, परीक्षा शुरू होने से पहले ही इसके पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने की खबर सामने आई। शिकायत मिलने पर योगी सरकार ने परीक्षा को रद्द कर दिया। इसके साथ ही पेपर लीक मामले की जांच यूपी एसटीएफ को सौंप दी गई।
 

Also Read