Hardoi News : गांव में देर रात को टहलता है विशालकाय मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

UPT | गांव में टहलता मगरमच्छ

Jul 18, 2024 00:48

उत्तर प्रदेश की हरदोई जिले में बाढ़ से चार तहसील क्षेत्र पूरी तरीके से प्रभावित है। बाढ़ से तो यहां के लोग परेशान ही हैं, अब बाढ़ के कारण रोज एक नई समस्या जन्म ले रही है...

Hardoi News : उत्तर प्रदेश की हरदोई जिले में बाढ़ से चार तहसील क्षेत्र पूरी तरीके से प्रभावित है। बाढ़ से तो यहां के लोग परेशान ही हैं, अब बाढ़ के कारण रोज एक नई समस्या जन्म ले रही है। हरदोई की बाढ़ पीड़ित क्षेत्र के एक गांव में मगरमच्छ देखने से हड़कंप मचा हुआ है। खास बात यह है कि यह मगरमच्छ रात को तालाब से बाहर निकालकर गांव की गलियों में चहल कदमी करता है। टार्च की रोशनी में देखने के बाद में ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल है। अब रात में इस तालाब की तरफ कोई भी नहीं जाता है। यहां के लोग शाम होते ही अपने घरों में बंद हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि वह रात में ही तालाब से बाहर निकलता है। 

वन विभाग के अधिकारियों ने फोन पर ही बताएं मगरमच्छ पकड़ने के टिप्स 
हरदोई जिले के कटरा बिल्हौर हाईवे पर स्थित सवाजपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हारी गांव के लोगों ने जानकारी देते हुए बताया है कि उनके गांव के तालाब के किनारे और गलियों में 10 दिन से रात में मगरमच्छ दिखाई पड़ रहा है। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, तो उन्होंने फोन पर ही मगरमच्छ पकड़ने की टिप्स बता डाली। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही मगरमच्छ गांव की गलियों में घुसने की कोशिश करता है। रात में कुछ लोगों ने मगरमच्छ की गलियों में टहलने की आहट सुनी है। हालांकि अब लोग रात में घर के बाहर नहीं निकलते हैं। सिर्फ एक बार वन विभाग की टीम गांव आई थी। थोड़ी देर रुकने के बाद में वह वापस चले गए थे। 

रात होते ही गांव की गलियों में टहलने लगता है मगरमच्छ 
ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि खेत पर रखवाली करते हुए किसान के पास मगरमच्छ पहुंच गया था। रात में वह तालाब से निकलकर गलियों में चहल कदमी करता है गांव के लोगों ने उसे टार्च की रोशनी से देखा है। टार्च की रोशनी में देखने के बाद में उसकी फोटो भी ली है। ग्रामीण इस मगरमच्छ से निजात दिलाने के लिए वन विभाग से गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 10 दिन इस घटना को लेकर होने जा रहे हैं। गांव के लोग अब डरे सहमे जीवन जी रहे हैं।

Also Read