हरदोई कलेक्ट्रेट में दिव्यांगों का प्रदर्शन : समस्याओं का समाधान करने की मांग, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

UPT | कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते दिव्यांग

Sep 06, 2024 16:58

उत्तर प्रदेश के हरदोई में शुक्रवार को सैकड़ों दिव्यांगजनों ने अपने अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज उठाई। कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर, इन प्रदर्शनकारियों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के प्रति सरकार के उदासीन रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

Short Highlights
  • दिव्यांग विकास समिति मोर्चा के बैनर तले हुआ प्रदर्शन 
  • कई मांगों को लेकर दिव्यांगों ने आवाज की बुलंद
Hardoi News : हरदोई में दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। दिव्यांगजनों का आरोप है कि अपनी समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया और कोई समाधान नहीं निकाला।

दिव्यांग विकास समिति मोर्चा के बैनर तले हुआ प्रदर्शन 
दिव्यांग विकास समिति मोर्चा के बैनर तले दिव्यांगजन कलेक्ट्रेट परिसर में इकट्ठे हुए। इस प्रदर्शन का नेतृत्व दिव्यांग विकास समिति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह अर्कवंशी ने किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

कई मांगों को लेकर दिव्यांगों ने आवाज की बुलंद 
ज्ञापन में दिव्यांगजनों ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, शौचालय, अंत्योदय अन्न योजना के राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को कई बार अपनी समस्याओं की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगजन अपने-अपने मुद्दों को लेकर काफी मुखर दिखे और उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर नीरज कुमार, संदीप, नीलम, लालाराम, अखिल कुमार, रामानंद, संतराम, श्रीपाल गौतम और इसहाक जैसे प्रमुख दिव्यांगजन भी मौजूद थे।

Also Read