हरदोई में जन्माष्टमी का उत्सव : मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस लाइन में लगा भव्य मेला

UPT | पूजा करते पुलिस अधीक्षक हरदोई

Aug 27, 2024 11:04

हरदोई में श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिले भर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी नीरज कुमार जादौन ने विधि विधान से पूजा अर्चना की।

Short Highlights
  • पुलिस लाइन समेत जिले के सभी थानों में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया
  • थानों में बंदीगृह की हुई विशेष साफ-सफाई, खोले जाते हैं किवाड़ 
  • सिद्धनाथ बड़े महादेव मंदिर में धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव
Hardoi News : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिले भर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जहां श्री कृष्ण की झांकी देखने के लिए लोग उमड़ पड़े। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी नीरज कुमार जादौन ने विधि विधान से पूजा अर्चना की।

पुलिस लाइन में हुई विशेष तैयारी 
हरदोई जिले की पुलिस लाइन भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़े विशेष आयोजनों के लिए जानी जाती है। कई दशकों से जन्मोत्सव को लेकर पुलिस लाइन में विशेष मेले का आयोजन किया जाता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करने के साथ ही मेले का आनंद उठाते हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस लाइन में भक्तिमय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जिसमें जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक व आम जनता भाग लेती है।

इस बार भी पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन के नेतृत्व व निर्देशन में पुलिस लाइन में पहले से भी अधिक भव्य तरीके से जन्मोत्सव कार्यक्रम मनाया गया है। कई बड़ी दुकानें इस बार पुलिस लाइन मेले की रौनक बढ़ा रही हैं। ऐसे में हरदोई के पुलिस अधीक्षक भी अपनी पत्नी के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना करते नजर आए। वहीं हरदोई के देहात थाने समेत सभी थानों में श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, साथ ही मंदिर व थाने की साफ सफाई व सजावट की गई।

थानों में बंदीगृह की होती है विशेष साफ सफाई  
वेदों और पुराणों के अनुसार भगवान श्री कृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हुआ था। आसमान में बादल गरज रहे थे। कंस की कारागार में उनकी बहन देवकी ने भगवान श्री कृष्ण को जन्म दिया था। कंस के प्रकोप से बचाने के लिए उनके पिता वसुदेव उन्हें नंद बाबा के घर ले गए थे। कहा जाता है कि कृष्ण के जन्म के समय जेल में मौजूद सभी द्वारपाल और सैनिक सो गए थे और जेल के सभी ताले अपने आप खुल गए थे। इसीलिए आज भी सभी थानों में कृष्ण के जन्म के समय जेल के दरवाजे खोले जाते हैं और उनकी विशेष सफाई की जाती है। थाने में भी भक्तिमय माहौल रहता है।

सिद्धनाथ बड़े महादेव मंदिर में रही धूम 
हरियावां गांव के सिद्धनाथ बड़े महादेव मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव कुछ खास अंदाज में मनाया गया। पुजारी सुरेश त्रिवेदी ने श्रीकृष्ण के जन्म के बाद वसुदेव की प्रतीकात्मक लीला का मंचन किया। वसुदेव की तरह, उन्होंने श्रीकृष्ण लला को लकड़ी के सूप में रखकर सिर पर उठाया और पास से बहने वाली सई नदी को पार किया।

भजन कीर्तन और आकर्षक झांकियां  
कहीं भजन-कीर्तन गूंज रहे थे तो कहीं आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जा रहा था। राम जानकी मंदिर सहित शहर के विभिन्न मंदिरों में भी धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पुलिस लाइन में भी विशेष रूप से सजे हुए थानों में पुलिसकर्मियों ने भक्तिभाव से त्योहार मनाया। हरदोई में इस बार की जन्माष्टमी ने परंपरागत उत्सवों के साथ-साथ अनोखी धार्मिक लीलाओं को भी जीवंत कर दिया।

Also Read