ऑथर Adarsh Tripathi

हरदोई में बाढ़ से घिरे कहारकोला गांव तक पहुंचना हुआ मुश्किल : नाव के इंतजार में 4 घंटे सड़क पर बैठी रही दुल्हन

UPT | नांव से बाढ़ क्षेत्र स्थित ससुराल जाती दुल्हन

Jul 12, 2024 16:58

हरदोई में ग्रामीणों का मुख्य मार्गों और शहरी क्षेत्र से संपर्क टूट चुका है। बाढ़ के कारण दुल्हन 4 घंटे तक सड़क किनारे बबूल के पेड़ के नीचे बैठी रही। दूल्हा के लगातार गांव में फोन करने के बावजूद नाव नहीं पहुंची।

Short Highlights
  • हरदोई में बाढ़ के चलते जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
  • बाढ़ से घिरे कहारकोला गांव पहुंचना हुआ मुश्किल
Hardoi News : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र के दर्जनों गांव इन दिनों गर्रा नदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित हैं। इन गांवों में जलभराव के कारण आना-जाना बेहद कठिन है। बाढ़ प्रभावित कहारकोला गांव से गुरुवार को राहुल राजपूत की बारात शाहाबाद क्षेत्र के काला गाढा गांव गई हुई थी। शादी संपन्न होने के बाद शुक्रवार को वह दुल्हन को लेकर पहुंचा तो नई नवेली दुल्हन का सबसे पहले सामना बाढ़ के पानी से हुआ।

दुल्हन को 4 घंटे करना पड़ा इंतजार 
नाव के इंतजार में पाली-शाहाबाद मार्ग पर नई नवेली दुल्हन करीब 4 घंटे तक बैठी रही। आमतौर पर नई नवेली दुल्हन जब अपने ससुराल पहुंचती है तो ननद और भाभी आदि उनसे बतियाती हैं, इठलाती है पर यहां कहानी कुछ और ही है। यहां चारों तरफ बाढ़ का पानी भरा है। बाढ़ ने सबकुछ फीका कर दिया।

सड़क किनारे बबूल के पेड़ के नीचे बैठी रही
ग्रामीणों का मुख्य मार्गों और शहरी क्षेत्र से संपर्क टूट चुका है। बाढ़ के कारण दुल्हन 4 घंटे तक सड़क किनारे बबूल के पेड़ के नीचे बैठी रही। दूल्हा बने राहुल राजपूत के लगातार गांव में फोन करने के बावजूद नाव नहीं पहुंची। सुबह से नाव का इंतजार कर रहे दंपत्ति को लेने दोपहर को नाव पहुंची। राहुल और उसकी नई नवेली दुल्हन नाव पर सवार होकर कहारकोला गांव पहुंचे। इस दौरान राहुल ने बताया कि उनके गांव का कहारकोला और मजरा खजुराही की करीब 3000 आबादी है।

प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं
गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। आवागमन का एकमात्र साधन नाव है। प्रशासन की ओर से नाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, गांव वाले खुद ही दो नाव चला रहे हैं। निरीक्षण के लिए आने वाले प्रशासनिक अधिकारी और नेता इन्हीं नावों पर सवार होते हैं। गांव वालों को नाव मिलना बहुत मुश्किल है।

Also Read