भाजपा कार्यसमिति की बैठक : जेपी नड्डा बोले- भाजपा पैन इंडिया और कांग्रेस परजीवी पार्टी, हमारे कंधों पर जिम्मेदारी सीजनल नहीं

UPT | जेपी नड्डा ने बैठक को संबोधित किया।

Jul 14, 2024 22:49

जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा आज के लिए भी महत्वपूर्ण है और भविष्य के लिए भी है। हमारे कंधों पर जिम्मेदारी कोई मौसमी या सीजनल नहीं है। लगातार तीसरी बार जनता ने हमको समर्थन दिया है। यह समर्थन एक विकसित भारत बनाने के लिए दिया है।

Short Highlights
  • राहुल-प्रियंका गांधी को बताया पढ़ा लिखा अनपढ़
  • बोले- कमल खिलता है तो आता है सुशासन 
Lucknow News : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में विपक्षी दलों विशेष रूप से कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आंकड़ों के जरिए कांग्रेस को धरातल पर उसकी स्थिति का एहसास कराया और उसे परजीवी पार्टी कह डाला। नड्डा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपा को पैन इंडिया पार्टी बताया। 

देश में हर जगह सिर्फ भाजपा की मौजूदगी
जेपी नड्डा ने कहा कि 2024 के चुनाव नतीजों ने बता दिया है कि कोई राजनीतिक दल अगर नार्थईस्ट में सक्षम है तो वह मध्य भारत में शून्य है। अगर कोई उत्तर भारत में सक्षम है तो वह दक्षिण में नहीं दिखाई देता है। अगर कोई सक्षम है पश्चिम भारत में तो पूर्व में उसका नाम ही नहीं है और अगर कोई सक्षम है मध्य में तो उसका उत्तर, पूर्व, पश्चिम व दक्षिण कहीं भी नाम नहीं है। भाजपा पैन इंडिया पार्टी है। उत्तर, पूर्व, पश्चिम, दक्षिण व पूर्वोत्तर में अगर कोई पार्टी है तो भाजपा है।

13 राज्यों में कांग्रेस का एक भी सांसद नहीं
उन्होंने कहा कि तीन चुनाव के बाद कांग्रेस 100 का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। इं​डी अलायंस ये ध्यान रखे कि आप सारे जुड़कर जितने हैं, वो अकेले भाजपा के सांसदों से कम हैं। 13 राज्यों में कांग्रेस के एक भी सांसद नहीं हैं। गुजरात, छत्तीसढ़ और मध्य प्रदेश की 64 सीटों में से सिर्फ दो सीटें कांग्रेस जीत पाई है, जबकि 62 सीटें भाजपा जीती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अकेले जहां चुनाव लड़ी है, वहां इसका स्ट्राइक रेट 26 प्रतिशत है और जहां ये अन्य दलों के साथ चुनाव लड़ी है, वहां इसका स्ट्राइक रेट 50 प्रतिशत है। यानी कांग्रेस पार्टी आज परजीवी पार्टी हो गई है।

हमारे कंधों पर जिम्मेदारी मौसमी या सीजनल नहीं
जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा आज के लिए भी महत्वपूर्ण है और भविष्य के लिए भी है। हमारे कंधों पर जिम्मेदारी कोई मौसमी या सीजनल नहीं है। लगातार तीसरी बार जनता ने हमको समर्थन दिया है। यह समर्थन एक विकसित भारत बनाने के लिए दिया है। इसके संभाल कर चलना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमने कई उतार चढ़ाव देखें हैं। अटल जी के बाद मोदी जी का हमें आशीर्वाद मिल रहा है। अधिकतर पार्टियां परिवार वाद पार्टियां हो गई हैं, अकेली भाजपा सबका साथ सबका विकास पर चल रही है। 

संविधान हत्या दिवस मनाने पर कांग्रेस को हुई बहुत तकलीफ
नड्डा ने कहा कि यहां बैठा कोई भी अपने परिवार के कारण नहीं है। आत्मविश्वास के साथ आत्मचिंतन भी हमें करना है। हम परिस्थितियों को बदलने वाले लोग हैं। नेता और कार्यकर्ता एक है, क्योंकि नेता ही पहले कार्यकर्ता होता है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान में छेड़छाड़ करने का काम आखिर इतिहास में किसका था, संविधान के साथ प्रजातंत्र की भी यह हत्या करते हैं। धर्म के आधार पर यह आरक्षण देने वाले ये लोग हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हत्या दिवस मनाने पर इन्हें बहुत तकलीफ हुई। देश को आगे ले जाने का रास्ता सिर्फ भाजपा है।

कांग्रेस पर रोजगार को लेकर ​निशाना साधा 
नड्डा ने कहा कि कांग्रेसी भाई और भाई-बहन दोनों पढ़े लिखे अनपढ़ हैं। इन्हें मालूम नहीं है, बस ये बोलने लगते हैं-  बेराजगारी, महंगाई। आज कोरोना की मार के बाद और यूक्रेन-रूस संघर्ष के बाद अगर कोई देश है जिसके बारे में आईएमएफ कहता है कि अगर कोई देश है, जो ब्राइट स्पाट है, तो भारत है। मार्गन स्टेनली कहता है कि 2014 के बाद का भारत अलग है। कांग्रेसी कहते हैं रोजगार नहीं है, इनको मालूम नहीं है कि जब इकोनॉमी का साइज बढ़ता है, तो रोजगार के अवसर खुद बढ़ते हैं। पढ़े-लिखे अनपढ़ आप जहां हो वहीं रहो, देश तो बढ़ रहा है और बढ़ता ही जाएगा इसे कोई रोक नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि कमल खिलता है तो सुशासन आता है।

यूपी की उपलब्धियों का किया जिक्र
यूपी की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि आज यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी इकॉनमी बन गया। एक समय था जब यहां पलायन होता था। दिल्ली से बुलंदशहर आते-आते सुबह से सांझ हो जाती थी। आज मथुरा पहुंचने के लिए कोई व्यक्ति रात को दिल्ली नहीं आता। वो बोलता है सुबह 8 बजे बुलाओगे तो एक्सप्रेसवे पकड़कर आ जाउंगा। यूपी में एक्सप्रेसवेज की झड़ी लगी है या नहीं, एलिवेटेड रोड बन रहा है या नहीं, अंडर पास बन रहा है या नहीं बन रहा है। बाई पास बन रहा है कि नहीं बन रहा है, मेडिकल कॉलेज की झड़ी लग रही है या नहीं, एम्स मिला कि नहीं मिला, ये सब कुछ 10 साल के अंदर हुआ। 

वाराणसी और गोरखपुर में वर्ल्ड क्लास हेल्थ सिस्टम
उन्होंने कहा कि पहले तो गोरखपुर जाने का मतलब ये होता था कि लखनऊ में उतरो फिर धक्के खाते हुए पांच घंटे लगाकर गोरखपुर पहुंचो। तब जाकर जापानी इंसेफेलाइटिस का इलाज कराने के लिए डॉक्टरों को लगाओ। आज गौरव से कह सकता हूं कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी और गोरखपुर में वर्ल्ड क्लास हेल्थ सिस्टम्स क्रिएट किया गया है। आपने सोचा था कि कभी यहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेंगे। एथेनॉल के प्रोडक्शन में भी उत्तर प्रदेश नंबर वन हो गया है। 118 करोड़ लीटर आज उत्तर प्रदेश बना रहा है।

Also Read