Lucknow News : कोलकाता की घटना के विरोध में केजीएमयू डॉक्टरों का प्रदर्शन,सीबीआई जांच की मांग

UPT | लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में डॉक्टरों का प्रदर्शन

Aug 12, 2024 15:36

कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर से रेप और मर्डर की घटना के बाद यूपी में चार हजार से अधिक रेजिडेंट डॉक्टरों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी है। इनमें लखनऊ के दो हजार डॉक्टर भी सड़क पर उतर आए हैं।

Lucknow News : कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर से रेप और मर्डर की घटना के बाद चिकित्सकों में भारी आक्रोश है। घटना को लेकर यूपी में चार हजार से अधिक रेजिडेंट डॉक्टरों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी है। इनमें लखनऊ के दो हजार डॉक्टर भी सड़क पर उतर आए हैं। रेजिडेंट डॉक्टरों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, घटना की सीबीआई जांच के साथ चिकित्सकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। हड़ताल के दौरान रेजिडेंट डॉक्टरों ने ओपीडी, सर्जरी और अन्य सभी सेवाओं का बहिष्कार किया है। मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।  

लखनऊ में भी डॉक्टरों का प्रदर्शन
कोलकाता की घटना के विरोध में लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लोहिया समेत अन्य प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के करीब दो हजार से अधिक डॉक्टर भी प्रदर्शन कर रहे हैं। केजीएमयू के डॉक्टरों ने घटना के विरोध रैली निकाली। डॉक्टरों ने सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करने की भी मांग की है। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि, रेजिडेंट डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर और इमरजेंसी सेवाओं से खुद को अलग नहीं किया है।

देशव्यापी हड़ताल की घोषणा
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FAIRDA) ने इस घटना के विरोध में 12 अगस्त को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। हालांकि, एसोसिएशन ने यह सुनिश्चित किया है कि हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाएं बाधित नहीं होंगी और मरीजों का उपचार जारी रहेगा। हड़ताल के दौरान ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, और वार्ड ड्यूटी का बहिष्कार किया जाएगा, लेकिन आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी ताकि गंभीर मरीजों को कोई कठिनाई न हो।

Also Read