प्रदेश में 28 अक्टूबर से 15 नवंबर तक 24 घंटे मिलेगी बिजली : सीएम योगी बोले- आगामी पर्व-त्योहारों पर अलर्ट रहे टीम यूपी

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कानून व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक तैयारियों पर विशेष बैठक

Oct 24, 2024 22:28

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक अहम बैठक बुलाई, जिसमें कानून व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक तैयारियों पर विशेष रूप से जोर दिया गया। बैठक में समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Lucknow News :  प्रदेश में आगामी पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण और सुचारु आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक अहम बैठक बुलाई, जिसमें कानून व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक तैयारियों पर विशेष रूप से जोर दिया गया। बैठक में समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान 24×7 अलर्ट रहने और शांति-सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
सीएम ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि 28 अक्टूबर से 15 नवंबर तक पूरे प्रदेश में 24 घंटे अनवरत बिजली आपूर्ति हो। साथ ही, पर्वों के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रॉमा सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहें और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में चिकित्सकों की सुलभ उपलब्धता होनी चाहिए।



त्योहारों के दौरान सतर्कता के निर्देश
सीएम योगी ने बैठक में कहा कि रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दुर्गापूजा, दशहरा, ईद, बकरीद, मुहर्रम और श्रावणी मेले जैसे हाल के त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन का श्रेय बेहतर कानून व्यवस्था, सतत संवाद और सभी वर्गों से मिल रहे सहयोग को जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी प्रकार धनतेरस, दीपावली, अयोध्या दीपोत्सव, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देव दीपावली और छठ महापर्व के दौरान भी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

अराजक तत्वों की गतिविधियों पर रखे नजर  
सीएम योगी ने कहा अराजक तत्वों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उपद्रवियों को पाबंद किया जाए और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। "यह हर्ष और उल्लास का समय है, इसमें उपद्रव स्वीकार नहीं किया जा सकता," उन्होंने कहा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।

पटाखों की बिक्री और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम
सीएम ने दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें आबादी से दूर, खुले स्थान पर हों और सभी दुकानों को समय से लाइसेंस या एनओसी प्रदान की जाए। जहां पटाखों का क्रय-विक्रय होगा, वहां फायर टेंडर के पर्याप्त इंतजाम होना अनिवार्य है। इसके अलावा, अवैध पटाखों के भंडारण पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बाजारों में सुरक्षा-यातायात व्यवस्था का विशेष प्रबंध
धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में भारी चहल-पहल की उम्मीद है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुलिस और प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि बाजार आने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े। सभी जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान यह सुनिश्चित करें कि व्यापारियों के उत्पीड़न की कोई शिकायत न आए और बाजारों में यातायात को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की भी आवश्यकता बताई।

अयोध्या-वाराणसी देव दीपावली के लिए विशेष तैयारी
इस वर्ष 30 अक्टूबर को अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन होना है, जो श्रीरामलला मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद का पहला दीपोत्सव होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम विशेष रूप से किए जाने चाहिए। इसी प्रकार, 15 नवंबर को वाराणसी में मनाए जाने वाले देव दीपावली के लिए भी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जाएं। उन्होंने इन आयोजनों की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

छठ महापर्व को स्वच्छता सुरक्षा के साथ मनाने के निर्देश
छठ पर्व के दौरान स्वच्छता को सर्वोपरि रखने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को नदी घाटों की सफाई और जलाशयों को दूषित न होने देने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि छठ पूजा के दौरान राज्य भर में स्वच्छता का माहौल बना रहे और लोगों की आस्था का यथोचित सम्मान हो।

जनशिकायतों का करें त्वरित समाधान 
मुख्यमंत्री ने आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री कार्यालय या मंत्रीगणों के स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना और समस्या के समाधान का सत्यापन करने की हिदायत दी गई।

Also Read