The Diary of West Bengal : जितेंद्र नारायण उर्फ वसीम रिजवी को कोलकाता पुलिस का नोटिस, बोले- घबरा गईं ममता

UPT | जितेंद्र नारायण सिंहउर्फ वसीम रिजवी।

Aug 16, 2024 14:10

शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण सिंह को कोलकाता पुलिस ने नोटिस भेजा है। जितेंद्र नारायण को द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल" फिल्म को लेकर नोटिस मिला है।

Short Highlights
  • फिल्म में अवैध घुसपैठ, रोहिंग्या शरणार्थी संकट जैसे मुद्दों को दिखाया गया
  • 30 अगस्त को देश भर में रिलीज होगी फिल्म
Lucknow News : शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण सिंह को कोलकाता पुलिस ने नोटिस भेजा है। जितेंद्र नारायण को 'द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल' फिल्म को लेकर नोटिस मिला है। नोटिस के तहत उन्हें 18 अगस्त को कोलकाता के एमहर्स्ट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में हाजिर होना है। ऐसा नहीं करने पर गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया जाएगा। जितेंद्र नारायण इस फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म 30 अगस्त को रिलीज होनी है। 

ममता बनर्जी घबराईं
इस संबंध में जितेंद्र नारायण ने कहा कि फिल्म 'द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल' देश भर में 30 अगस्त को रिलीज होगी। फिल्म बंगाल में लव जिहाद, रोहिंग्या, महिलाओं पर अत्याचार जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है। बंगाल की इस सच्चाई को फिल्म के माध्यम से पर्दे पर उतारा गया है। फिल्म के जरिए ऐसे जुल्म करने वालों का पर्दाफाश किया जाएगा। उन घटनाओं को देश दुनिया को दिखाया जाएगा, जिन्हें हुकूमत का सहारा लेकर दबा दिया गया। इसलिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घबरा गईं हैं।

बंगाल में हिन्दुओं की हत्या और दुष्कर्म आम
रिजवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कट्टरपंथी समाज को खुश करने के लिए हिन्दुओं की हत्या और महिलाओं से दुष्कर्म आम बात हो गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी खुद एक महिला हैं। इसके बावजूद उनकी सरकार महिलाओं से दुष्कर्म करने वालों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज न हो सके इसलिए नोटिस भेजकर दबाव बनाया जा रहा है। कहा, जितेन्द्र नारायण देश और सनातन हित में काम कर रहा है। सच्चाई के रास्ते पर चल रहा है, इसलिए किसी से नहीं डरता। फिल्म तय समय पर देश में रिलीज होगी। उसके बाद पूरी दुनिया में रिलीज की जाएगी। 

बयजुर मारवाह और अर्शिन मेहता ने निभाई मुख्य भूमिका
फिल्म की स्टोरी राइटिंग व डायरेक्शन सनोज मिश्रा ने दिया है। फिल्म में मुख्य भूमिकाएं बयजुर मारवाह और अर्शिन मेहता ने निभाई हैं। 'द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल' म्यांमार के रोहिंग्या शरणार्थियों की समस्या और बांग्लादेश से भारत में बड़े पैमाने पर हो रही अवैध–घुसपैठ पर पड़े अंधेरे की गहराई में जाती है। कथा के केंद्र में 'लव जिहाद' जैसा उत्तेजक मुद्दा है, जिसने भयंकर बहस छेड़ दी थी। हालांकि फिल्म में उत्तेजनापूर्ण विषयों को मनोरंजन के कलेवर में लपेटकर यह दिखाया गया है कि कैसे अंतरधार्मिक संबंध एक बड़े सामाजिक-राजनीतिक संघर्ष में युद्ध का मैदान बन सकते हैं।

अगस्त 2023 में रिलीज होनी थी फिल्म
फिल्म ‘द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल’ का ट्रेलर 2023 में जारी होते ही हंगामा मच गया था। फिल्म के निर्देशक को पंश्चिम बंगाल पुलिस ने लीगल नोटिस दिया था। जिसमें फिल्म के जरिये बंगाल को बदनाम करने की कोशिश किए जाने का आरोप था। उस समय जितेंद्र नारायण ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि ममता सरकार रोहिंग्याओं को अपना वोट बैंक बना रही है। जिसके तहत इन लोगों के नाम आधार कार्ड और वोटर लिस्ट में डलवाए जा रहे हैं। यही कारण है कि बांग्लादेश सटे बंगाल के बॉर्डर इलाके में रोहिंग्या मुसलमानों की आबादी बढ़ती जा रही है। बंगाल में रह रहे हिंदू परिवार अपना घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। उन पर जो जुल्म किए जा रहे हैं उसे इस फिल्म में दिखाया गया है। विवादों के चलते फिल्म रिलीज नहीं हो सकी थी। एक बार फिर फिल्म के रिलीज होने से पहले विवाद शुरु हो गया है।

Also Read