Krishna Janmashtami : 12 बजते ही जय कन्हैया लाल की...जयकारे से गूंज उठा यूपी, मंदिरों में बजने लगे घंटे-घड़ियाल

UPT | धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।

Aug 27, 2024 00:38

श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर माहौल कुछ इस प्रकार था कि घड़ी की सुई ने 11 बजने का इशारा किया तो श्री गणेश, नवगृह स्थापना के साथ पूजन शुरू हुआ। रात 11.55 बजे तक कमल पुष्प एवं तुलसीदल से व सहस्त्रार्चन हुआ।

Krishna Janmashtami : कृष्ण जन्माष्टमी पर सोमवार रात 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे से पूरा प्रदेश गूंज उठा। मंदिरों में घंटे-घड़ियाल लगातार बजते रहे। तीर्थनगरी मथुरा में आनंद और उल्लास में भक्त डूबे रहे। रात्रि 12 बजे घड़ी की दोनों सुइयों का संगम होते ही भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी पर ब्रज में कान्हा के जन्म का उद्घोष हो गया। नटवर नागर के जन्मोत्सव के लाखों श्रद्धालु साक्षी बने। अजन्मे के जन्म पर मंत्रोच्चारण के बीच शंखनाद हुआ, तो मानो ब्रज की लता-पता भी झूम उठीं। देवकीनंदन के जन्मोत्सव पर मानो ब्रज का कण-कण धन्य हो गया। गोकुल सहित पूरे ब्रज के मंदिरों में प्रगट भये गोपाला... और बधाई गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के आगमन को लेकर थे आतुर
श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर माहौल कुछ इस प्रकार था कि घड़ी की सुई ने 11 बजने का इशारा किया तो श्री गणेश, नवगृह स्थापना के साथ पूजन शुरू हुआ। रात 11.55 बजे तक कमल पुष्प एवं तुलसीदल से व सहस्त्रार्चन हुआ। अब 12 बजने में बस पांच मिनट बाकी थे। हर श्रद्धालु लल्ला के आगमन को लेकर आतुर था। 11.59 बजते ही प्राकट्य दर्शन के लिए युगल सरकार के पट बंद हो गए। इस एक मिनट के पल में श्रद्धालुओं को लगा मानो घंटों बीत रहे हों। ठीक 12 बजे लीलाधर के चलित श्रीविग्रह को भागवत भवन लाया गया। यहां रजत कमल पुष्प में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास महाराज, श्रीकृष्ण जन्मस्थान के ट्रस्टी अनुराग डालमिया, सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने सोने-चांदी से निर्मित 100 किग्रा की कामधेनु गाय की प्रतिमा में गंगाजल सहित पंचामृत भरकर लल्ला का अभिषेक किया। 

पावन महापर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की मनोरम, मनोहर, चित्ताकर्षक और हृदयस्पर्शी झलकियां... pic.twitter.com/WKFH52iyeI

— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 26, 2024
हर जगह था उल्लास का माहौल
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की इस अद्भुत घड़ी पर भक्तों में उल्लास छा गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ढोल-नगाड़े और घंटे-घड़ियाल गूंज उठे। झांझ-मजीरे, मृदंग और शंख की मंगलध्वनि के बीच कान्हा के बधाई गीत गुंजायमान हो उठे। दर्शन का दौर 1:30 बजे तक चलता रहा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की अद्भुत घड़ी का इंतजार कर रहे भक्तों में रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्म होते ही उल्लास छा गया। गोकुल सहित पूरे ब्रज के मंदिरों में प्रगट भये गोपाला... और बधाई गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ढोल-नगाड़े और घंटे-घड़ियाल गूंज उठे। 

भव्य शोभायात्रा निकाली गई
इससे पहले शाम को कान्हा के स्वागत में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव समिति द्वारा नगर में धूमधाम से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों के दर्शन कर भक्तजन मंत्रमुग्ध होकर नाचने लगे। इसका जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नंदगांव में नंदीश्वर पहाड़ी स्थित नंदमहल रंग बिरंगी लाइट से जगमगा उठा। कान्हा के जन्म का उत्सव मनाया गया।  मथुरा के यमुना घाटों पर श्री कृष्ण के 5251वें जन्मोत्सव के अवसर पर 5251 दीप जलाए गए। यमुना के घाटों का नजारा दीवाली सा नजर आने लगा।

लखनऊ में भी धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
लखनऊ में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। रात 12 बजते ही पूरे शहर में 'हाथी घोड़ा पालकी..जय कन्हैयालाल की'...का जयघोष शुरू हो गया। ढोल नगाड़े बजाए गए। जमकर आतिशबाजी की गई। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। शहर में मंदिरों के साथ-साथ पुलिस थाना-चौकी, गली-मोहल्ले और चौक-चौराहों पर सजावट है। इस्कॉन मंदिर में दूध, दही, घी, शहद और 1008 तीर्थों के जल से राधा-कृष्ण का महा अभिषेक किया गया।

963 कैदी रहे उपवास पर
लखनऊ कारागार को विशेष तौर पर सजाया गया है। जेल के 963 कैदी उपवास पर हैं, सभी को फलाहार दिया गया है। शाम 7 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन पहुंचे। यहां दीप प्रज्वलन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मथुरा से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी। सभी को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा- भगवान का यह 5251वां जन्मोत्सव है। मेरा सौभाग्य है कि कल मैं मथुरा वृंदावन से दर्शन करके आया हूं। देश का यह पहला आयोजन भी है जिसकी भव्यता प्रदेश के 1585 थानों, 75 पुलिस लाइंस और 90 से अधिक जेलों में हैं।

Also Read