Mainpuri Lok Sabha Election 2024 : मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर आज मैनपुरी से करेंगे नामांकन, डिंपल यादव से होगा मुकाबला

UPT | जयवीर सिंह ठाकुर

Apr 15, 2024 12:31

मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर सोमवार को मैनपुरी से नामांकन करेंगे। उनके नामांकन के मौके पर डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्या मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।

Lucknow News : योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर सोमवार को मैनपुरी से नामांकन करेंगे। उनके नामांकन के मौके पर डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्या मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। डिंपल यादव के सामने मैनपुरी से जयवीर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। सोमवार दोपहर 12 बजे क्रिश्चियन मैदान में नामांकन होगा।

बीजेपी ने क्षत्रिय चेहरे पर लगाया दांव
आपको बता दें कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार (11 अप्रैल) को अपने उम्मीदवारों की 10वीं सूची की घोषणा की थी,जिसमें उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को मैनपुरी से सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ खड़ा किया गया है। सात उम्मीदवारों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के बेटे नीरज शेखर का भी जिक्र है। भारतीय जनता पार्टी अब लंबे समय बाद मैनपुरी लोकसभा सीट से क्षत्रिय चेहरे पर दांव लगा रही है। ऐसे में अब सपा के गढ़ में जयवीर सिंह के सामने सपा प्रमुख और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को चुनौती मिल गई है।

अनुभवी राजनेता और जमीनी स्तर के नेता हैं
जयवीर सिंह अनुभवी राजनेता और यूपी में योगी सरकार में मंत्री हैं। अपने साथ व्यापक राजनीतिक अनुभव और जमीनी स्तर का समर्थन लेकर आते हैं, जिसका उद्देश्य यादव परिवार की मौजूदा स्थिति को चुनौती देना है।

बताते चलें जयवीर सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव में  मैनपुरी की सदर विधानसभा से जीत हासिल की थी। इस समय वह योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हैं। तीन दशकों से अधिक समय तक सपा ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर अपना गढ़ बनाए रखा। सपा 1996 के बाद से तीन उप-चुनावों सहित सभी दस चुनावों में विजयी रही। डिंपल यादव ने दिसंबर 2022 के लोकसभा उपचुनाव में अपने ससुर दिवंगत मुलायम सिंह यादव की जगह ली और 2.9 लाख वोटों से भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को हराया था। उस समय डिंपल यादव ने अपनी जीत पर भरोसा जताते हुए कहा था, 'इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि (बीजेपी किसको मैदान में उतारती है), मैनपुरी की जनता एक बार फिर सपा उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि बनाएगी।'

राजनीतिक यात्रा 1984 में बतौर कांग्रेस सदस्य शुरू हुई
सिंह का नामांकन क्षेत्र में महत्वपूर्ण ठाकुर समुदाय को एकजुट करने की उनकी रणनीति पर प्रकाश डालता है। जयवीर सिंह ने पहला चुनाव ग्राम प्रधान का लड़ा था, वो अपने गांव करहरा के ग्राम प्रधान चुने गए थे। उनकी राजनीतिक यात्रा 1984 में बतौर कांग्रेस सदस्य शुरू हुई। उन्हें कांग्रेस का ब्लाक अध्यक्ष बनाया गया था बाद में वह बसपा में शामिल हो गए और 2007 से 2012 तक मायावती के कार्यकाल के दौरान सिंचाई मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद वह 2018 में भाजपा में चले गए।

Also Read