UP News : परिवहन निगम की बसें ट्रैक कर सकेंगे यात्री, दीपावली से पहले शुरू होगी सुविधा

UPT | परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह।

Oct 04, 2024 22:57

उत्तर प्रदेश की जनता को इस दीपावली एक खास सौगात मिलने वाली है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा जल्द ही बसों को ट्रैक करने की सुविधा शुरू की जाएगी।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश की जनता को इस दीपावली एक खास सौगात मिलने वाली है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) द्वारा जल्द ही बसों को ट्रैक करने की सुविधा शुरू की जाएगी। इस नई सुविधा के अंतर्गत यात्री अब निगम की बसों की वास्तविक लोकेशन मैप पर देख सकेंगे। यह जानकारी प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी।

बसों की लोकेशन ट्रैकिंग और पैनिक बटन की सुविधा
परिवहन मंत्री ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने के लिए एक मार्गदर्शी ऐप लॉन्च किया जाएगा। इस ऐप के जरिए न सिर्फ बसों की लोकेशन ट्रैक की जा सकेगी, बल्कि इसमें एक डिजिटल पैनिक बटन भी होगा, जिसका उपयोग आकस्मिक स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए किया जा सकेगा।



निर्भया फंड से संचालित परियोजना
यह प्रोजेक्ट भारत सरकार के निर्भया फंड से संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस परियोजना के अंतर्गत बसों में पैनिक बटन लगाए गए हैं, जिनका इंटीग्रेशन राज्य पुलिस के डायल 112 से किया गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।

बसों की वास्तविक समय सारणी भी होगी उपलब्ध
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रमुख बस स्टेशनों पर एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को बसों के आने-जाने की वास्तविक समय सारणी की जानकारी मिलेगी। इससे यात्रियों को बसों के देरी या सही समय की जानकारी मिल सकेगी, जिससे यात्रा में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ेगी।

दीपावली से पहले सुविधा होगी शुरू
दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के सभी फीचर्स की टेस्टिंग चल रही है और इसे दीपावली से पहले प्रदेश की जनता के लिए लॉन्च किया जाएगा। यह सुविधा परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव लाएगी और यात्रियों के लिए सफर को और भी सुरक्षित और सुगम बनाएगी।
 

Also Read