संजय निषाद का बड़ा आरोप : बोले- मौका पाते ही डस लेते हैं साइकिल-हाथी और पंजे वाले अधिकारी, उपचुनाव में दो सीटों पर दावा

UPT | कैबिनेट मंत्री संजय निषाद

Jul 16, 2024 01:05

संजय निषाद ने लोकसभा चुनाव में विपक्ष पर धोखे से जीत का एक बार फिर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग देख सकते हैं कि उत्तर प्रदेश पहले किस तरह था और अब कैसे सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है। बेशक कुछ ऐसे अधिकारी कर्मचारी हैं, जो विपक्ष के लोगों के संपर्क में हैं और गलत काम कर करते हैं।

Short Highlights
  • संजय निषाद ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से की मुलाकात
  • बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- लोग नहीं देंगे वोट
Lucknow News :  योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने नौकरशाही पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी अंदर से साइकिल, हाथी और पंजे वाले हैं और ऊपर कमल हैं। ये लोग मौका पाते ही डस लेते हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन सरकार से बड़ा होता है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है, वह जनता के बीच जाकर काम करता है और उसकी वजह से जनता के वोट मिलते हैं। वहीं उन्होंने उपचुनाव में दो ​सीटों पर पार्टी के प्रत्यााशी बनाने की बात कही।

जनता के मुद्दों की अफसर कर रहे अनदेखी
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग अलग मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा का सहयोगी दल होने की वजह से उपचुनाव और अन्य मुद्दों पर बातचीत की। संजय निषाद ने इसके बाद मीडिय से बातचीत में कुछ अधिकारियों पर जनता के मुद्दों की अनदेखी और उनके काम नहीं करने के आरोप लगाए। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की समस्याओं से भी दोनों डिप्टी सीएम को अवगत कराया।

आरक्षण का मामला सुलझाने की कोशिश
संजय निषाद ने कहा कि एक महिला कार्यकर्ता का उनके कहने के बाद भी घर गिरा दिया गया। वहां जिस प्रधान ने घर गिरवाया, उसने खुद दो एकड़ जमीन कब्जा कर रखा है। ऐसे बहुत से अधिकारी है जो इस तरह का कृत्य करते हैं। ऐसे अधिकारियों को सबक सिखाएंगे। हालांकि सीएम योगी का धन्यवाद जो इसकी जानकारी होते ही ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई करते हैं। संजय निषाद ने लोगों के निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस वक्त पर आप बुलडोजर चलवाएंगे, लोगों के घर गिराएंगे, तो वे वोट देंगे क्या? उन्होंने आरक्षण के सवाल पर कहा कि कुछ अधिकारी हैं जो उसे उलझाते हैं। लेकिन, हम उसे सुलझाने में लगे हैं। इन अधिकारियों ने निषाद जाति के लोगों को पिछड़ों समेत अन्य अन्य जातियों में डाल रखा है।

उपचुनाव में दो सीटों पर जताया हक
संजय निषाद ने यूपी में विधानसभा की 10 रिक्त सीटों पर उपचुनाव को लेकर कहा कि दो सीटों पहले से ही हमारे कोटे की हैं। इसमें मांगने वाली बात नहीं है। इसलिए हम इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी भाजपा से ऐसी 11 सीटें ली थीं, जिस पर वह कभी नहीं जीती। इनमें से हमने 9 सीटें जीत कर दिखाई। उन्होंने कहा कि हम सहयोगी दल है। हम जीत और हार दोनों परिस्थिति में भाजपा के साथ हैं। उन्होंने उपचुनाव में सभी 10 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों की जीत का दावा किया।

रीढ़ की हड्डी होता है कार्यकर्ता 
संजय निषाद ने लोकसभा चुनाव में विपक्ष पर धोखे से जीत का एक बार फिर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग देख सकते हैं कि उत्तर प्रदेश पहले किस तरह था और अब कैसे सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है। बेशक कुछ ऐसे अधिकारी कर्मचारी हैं, जो विपक्ष के लोगों के संपर्क में हैं और गलत काम कर करते हैं। कुछ कार्यकर्ताओं की जगह-जगह उपेक्षा होती है, जबकि हकीकत में कार्यकर्ता ही रीढ़ की हड्डी होता है। वही पार्टी को खड़ा करता है। वोटर के बीच में काम करता रहता है और वह आज के दिन किसी काम को लेकर गया और नीचे वाले अधिकारी उसकी नहीं सुनते हैं, तो वह परेशान होता है। उन्होंने इसी तरह का बयान केशव प्रसाद मौर्य के देने पर कहा कि वह पिछड़ों के बड़े नेता हैं। संगठन का बड़ा अंग हैं। उन्होंने सही बात कही है। 

सत्ता में नहीं आना था विपक्ष को, इसलिए बोला झूठ
संजय निषाद ने कहा​ कि विपक्ष को तो सत्ता में आना नहीं था, इसलिए सौ झूठ बोल दिया और उसे वोट मिल गया। आरक्षण का भय दिखाकर, मुसलमानों को संविधान का भय दिखाकर झूठ बोलते हुए वोट लिए गए। लेकिन, आप झूठ एक बार ही बोल सकते हैं। आगे ऐसा नहीं होगा।

Also Read