सुल्तानपुर एनकाउंटर : अपरा​धियों से अलग होने पर खत्म हो जाएगा सपा का वजूद, अखिलेश के सवालों पर जयवीर सिंह का पलटवार

UPT | कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह।

Sep 07, 2024 01:16

कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी से अपरा​धियों को अलग कर दिया जाए तो उसका वजूद खत्म हो जाएगा। जितना बड़ा अपराधी उतना ही बड़ा समाजवादी बन गया है।

Lucknow News : सुल्तानपुर में गुरुवार को इनामी बदमाश के हुए एनकाउंटर पर अब सियासत गरमा गई है। अखिलेश यादव के सवाल उठाने के बाद अब सूबे के कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी से अपरा​धियों को अलग कर दिया जाए तो उसका वजूद खत्म हो जाएगा। जितना बड़ा अपराधी उतना ही बड़ा समाजवादी बन गया है।

भाजपा अपराधी की जाति-धर्म नहीं देखती
कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भाजपा अपराधी की जाति और धर्म नहीं देखती। वह किसी भी जाति का हो उसे अपराधियों की तरह ही ट्रीट किया जाता है। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में अपराधियों को गुंडई करने की खुली छूट थी। इसे यूपी की जनता भूली नहीं है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सपा मुखिया जाति के अधार पर अपनी दुकान चला रहे हैं। ये उनकी मजबूरी है। ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी दुकान बंद हो जाएगी

अवैध संपत्तियों पर चल रहा बुलडोजर
अखिलेश यादव के सत्ता में अपने पर सभी बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ करने के बयान पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा बुलडोजर सिर्फ अवैध संपत्तियों पर चलाया जा रहा है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा अपराधियों के साथ खड़ी रहती है। इसलिए बुलडोजर की कार्रवाई पर उसे तकलीफ हो रही है। सपा के पांच के कार्यकाल में अराजकता, दुष्कर्म, गुडंई, दंगे, पीड़ितों पर अत्याचार और पुलिस का दुरुपयोग किया गया। 

मौलाना तौकीर रजा पर साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री ने वक्फ बिल 2024 के विरोध में बरेली के मौलाना तौकीर रजा के मुसलमानों के सड़क पर उतरकर दिल्ली का घेराव करने के बयान पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तौकीर रजा के बारे में पूरा देश जानता है। वह भड़काऊ बयान, देश में विघटन, समाज में अराजकता और कानून विरोधी गतिविधियों के चलते जेल जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। यह भाजपा का एजेंडा है।

Also Read