लखनऊ-कानपुर हाईवे : 64 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ पुल, कल से यहां वाहन भरेंगे फर्राटे

UPT | लखनऊ-कानपुर हाईवे पुल

Sep 04, 2024 02:35

उन्नाव जिले के लखनऊ-कानपुर हाईवे स्थित गदनखेड़ा बाईपास चौराहा पर लंबे समय से बन रहे पुल का निर्माण अब पूरा हो चुका है। इस पुल के बन जाने से क्षेत्र के यातायात की समस्याओं में महत्वपूर्ण...

Unnao News : उन्नाव जिले के लखनऊ-कानपुर हाईवे स्थित गदनखेड़ा बाईपास चौराहा पर लंबे समय से बन रहे पुल का निर्माण अब पूरा हो चुका है। इस पुल के बन जाने से क्षेत्र के यातायात की समस्याओं में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद है। सोमवार को पुल के डिवाइडर पर ग्रिल लगाने का काम शुरू हो गया और प्रोजेक्ट मैनेजर के अनुसार मंगलवार तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद बुधवार से पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।


पुल की विशेषताएँ और निर्माण विवरण
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गदनखेड़ा बाईपास चौराहा जो उन्नाव-लालगंज (रायबरेली) हाईवे से क्रॉस करता है। इस पर बने पुल की कुल लंबाई 1640 मीटर है। इस पुल के निर्माण में लगभग 64 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पुल का निर्माण 2021 में शुरू हुआ था और इसकी समय सीमा कई बार बढ़ाई गई। हालाँकि अब इन सभी कार्यों को पूरा कर लिया गया है और पुल के डिवाइडर पर ग्रिल लगाने का काम अंतिम चरण में है।

आए दिन होते रहते थे हादसे
गदनखेड़ा बाईपास चौराहा पर लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अत्यधिक यातायात होने के कारण यहां रोजाना जाम की समस्या बनी रहती थी। जिसके चलते कई बार हादसे भी होते थे। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्थानीय निवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए इस बाईपास चौराहे पर उपरगामी सेतु के निर्माण को मंजूरी दी थी। पहले पुल को उन्नाव-लालगंज (रायबरेली) हाईवे पर बनाने की योजना थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुल को लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बनाने की मांग की। सांसद साक्षी महाराज और केंद्रीय मंत्री की मदद से इस मांग को मंजूरी दी गई। जिसके बाद पुल का निर्माण लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शुरू हुआ।

यातायात की समस्याओं में आएगा सुधार
गदनखेड़ा बाईपास चौराहा पर रोजाना औसतन 30,000 वाहनों का आवागमन होता है। इस चौराहे पर यातायात के भारी दबाव को देखते हुए अक्तूबर 2023 से लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के निर्माण के कारण हाईवे पर लखनऊ जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इससे जाम की समस्या और बढ़ गई थी। डीएम गौरांग राठी ने इस समस्या के समाधान के लिए गदनखेड़ा बाईपास चौराहा को 20 मीटर चौड़ा करने और सर्विस लेन की चौड़ाई बढ़ाने की सिफारिश की। उन्होंने पुल निर्माण कार्य में देरी के लिए नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने का निर्देश दिया, जिससे प्रगति में सुधार हुआ।

Also Read