UP News : गो सेवा आयोग में अध्यक्ष बने श्याम बिहारी गुप्ता, जसवंत सिंह को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

UPT | UP Government

Sep 30, 2024 16:47

श्याम बिहारी गुप्ता झांसी के नन्दनपुरा इलाके रहने वाले हैं। वहीं जसवंत सिंह कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज निवासी हैं। गो सेवा आयोग अधिनियम की धारा 5 (1) के तहत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर नामित व्यक्ति का कार्यकाल एक वर्ष होता है।

Lucknow News : प्रदेश में गो सेवा आयोग में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर नेताओं को नामित किया गया है। ये दोनों पद रिक्त चल रहे थे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग अधिनियम 1999 (यथासंशोधित) में निहित प्रावधानों के अंतर्गत श्याम बिहारी गुप्ता को अध्यक्ष और जसवंत सिंह उर्फ अतुल सिंह को उपाध्यक्ष पद पर नामित करने की स्वीकृति प्रदान की है।  इसके साथ ही तीन सदस्य बनाए गए हैं।

एक वर्ष का रहेगा कार्यकाल
प्रमुख सचिव के रविंद्र नायक की ओर से सोमवार को इसकी जानकारी दी गई। श्याम बिहारी गुप्ता झांसी के नन्दनपुरा इलाके रहने वाले हैं। वहीं जसवंत सिंह कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज निवासी हैं। गो सेवा आयोग अधिनियम की धारा 5 (1) के तहत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर नामित व्यक्ति का कार्यकाल एक वर्ष होता है। इस तरह श्याम बिहारी गुप्ता को अध्यक्ष और जसवंत सिंह का कार्यकाल वर्ष 2025 तक होगा।  इसके अलावा तीन सदस्य दीपक गोयल, राजेश सिंह सेंगर और रमाकांत उपाध्याय बनाए गए हैं। दीपक गोयल मुरादाबाद, राजेश सेंगर महोबा और रामकांत उपाध्याय फिरोजाबाद निवासी हैं। 




गोवध की रोकथाम के लिए एजेंसियों को प्रोत्साहित करता है आयोग
उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग अधिनियम 1999 के परिप्रेक्ष्य में गाय और गाय के वंश के परिरक्षण, विकास और कल्याण के लिए गो-सेवा आयोग की स्थापना करने और उससे संबंधित या उसके आनुवंशिक विषयों की व्यवस्था करने के लिए उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग की स्थापना की गई है। आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सरकार द्वारा गैर सरकारी सदस्यों में से नाम-निर्दिष्ट किये जाते हैं। आयोग राज्य में गाय के कल्याण के लिए कार्य करता है। साथ ही आयोग गोशालाओं की प्रोन्नति और सहायता के लिए सक्रिय रहता है। इसके साथ ही गोवध की रोकथाम के लिए क्षेत्र में काम कर रही एजेंसियों को प्रोत्साहित करना भी इसकी अहम जिम्मेदारी है।

Also Read