वरुण गांधी नहीं लड़ेंगे चुनाव : मेनका के लिए सुल्तानपुर में प्रचार करेंगे, टिकट कटने के बाद कही यह बड़ी बात

UPT | वरुण गांधी

Mar 27, 2024 11:57

भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रिगेड लीडर और नेहरू गांधी खानदान के तीसरे चिराग वरुण गांधी ने लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद चुप्पी तोड़ी...

Uttar Pradesh News : भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रिगेड लीडर और नेहरू गांधी खानदान के तीसरे चिराग वरुण गांधी ने लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद चुप्पी तोड़ी है। बुधवार को वरुण गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सुल्तानपुर में अपनी मां मेनका गांधी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी, जिसमें वरुण गांधी का नाम शामिल नहीं है। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वरुण गांधी को भारतीय जनता पार्टी अमेठी या रायबरेली से उम्मीदवार घोषित कर सकती है। फिलहाल वरुण गांधी ने इन सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है।

वरुण गांधी को किनारा कर जितिन प्रसाद को टिकट दिया
टिकट कटने के बाद वरुण गांधी अपने स्वभाव के विपरीत चुप्पी साध कर बैठे हुए थे। वरुण गांधी ने मीडिया या सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी के फैसले को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। अब बुधवार को उनकी ओर से पहली बार इस मसले पर टिप्पणी की गई है। वरुण गांधी ने कहा है कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। वह अपनी मां मेनका गांधी के लिए सुलतानपुर में चुनाव प्रचार करेंगे। आपको बता दें कि वरुण गांधी 17वीं लोकसभा में पीलीभीत से सांसद चुने गए थे। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने वरुण गांधी की बजाए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मिनिस्टर जितिन प्रसाद को मैदान में उतारा है। 

इन सवालों का जवाब कौन देगा?
रायबरेली और अमेठी संसदीय क्षेत्रों में पांचवें चरण के तहत चुनाव कराया जाना है। जिसके लिए अभी कम से कम 15 दिन का वक्त बाकी है। जानकारों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस इन दोनों संसदीय क्षेत्रों को लेकर योजना बना रहे हैं। हालांकि, भाजपा ने पहली सूची में अमेठी से सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम बतौर उम्मीदवार घोषित कर दिया था। रायबरेली सीट को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं है। दूसरी तरफ सोनिया गांधी के बाद कांग्रेस से रायबरेली का चुनाव कौन लड़ेगा? इस पर फैसला नहीं लिया गया है। मंगलवार को चर्चाएं चलती रहीं कि वरुण गांधी को भारतीय जनता पार्टी रायबरेली से चुनाव लड़वा सकती है। फिलहाल इन अटकलों पर वरुण गांधी ने विराम लगा दिया है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अभी 15 दिन बाकी है। भाजपा और कांग्रेस के नेता अपने-अपने दांव चलने का इंतजार कर रहे हैं।

Also Read