लोकसभा चुनाव : तीसरे चरण में 10 सीटों पर मतदान, मैदान में कुल 100 उम्मीदवार, चुनाव आयोग ने पूरी की तैयारी

UPT | Loksabha Chunav

May 06, 2024 17:28

तीसरे चरण में कुल 01 करोड़ 89 लाख 14 हजार 788 मतदाता हैं। जिसमें 01 करोड़ 01 लाख 44 हजार 345 पुरुष मतदाता...

Short Highlights
  • तीसरे चरण में कुल 01 करोड़ 89 लाख 14 हजार 788 मतदाता हैं।
  • सबसे कम मतदाता एटा लोकसभा क्षेत्र में हैं। एटा में कुल 17 लाख 524 मतदाता है।
     
Lucknow News : लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण का मतदान 07 मई को होने जा रहा है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 10 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में कुल 100 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव आयोग ने अपने तरफ से इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है। साथ ही आयोग ने कई जानकारियां भी साझा की  हैं। तीसरे चरण में आगरा, फतेहपुर सिकरी, बरेली, हाथरस, आंवला, एटा, संभल, फिरोजाबाद, बदायूं और मैनपुरी में चुनाव होना है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जानकारी साझा की है।

तीसरे चरण में कुल 01 करोड़ 89 लाख 14 हजार 788 मतदाता हैं। जिसमें 01 करोड़ 01 लाख 44 हजार 345 पुरुष मतदाता और 87 लाख 69 हजार 696 महिला मतदाता हैं। साथ ही 747 थर्ड जेण्डर मतदाता भी हैं। इस चरण में मतदाताओं की संख्या की दृष्टि से सबसे अधिक मतदाता आगरा लोकसभा क्षेत्र में है। इस सीट पर कुल 20 लाख 72 हजार 685 मतदाता है। साथ ही सबसे कम मतदाता एटा लोकसभा क्षेत्र में हैं। एटा में कुल 17 लाख 524 मतदाता है।
 
कुल 100 प्रत्याशी मैदान में, सिर्फ 8 महिला उम्मीदवार
तीसरे चरण के चुनाव में 10 लोकसभा सीटों पर कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें 08 महिला प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण में सबसे अधिक 13 प्रत्याशी बरेली लोकसभा में हैं। बरेली में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। फिरोजाबाद में सबसे कम प्रत्याशी मैदान में हैं। फिरोजाबाद में कुल 07 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

वोटरों की सुविधा के लिए चुनाव आयोग मुस्तैद 
वोटरों की सुविधा को देखते हुए चुनाव आयोग ने अपनी तरफ से तैयारी पूरी कर ली है।मतदान के दौरान सभी बी0एल0ओ0 एल्फाबेटिक रोल लोकेटर मतदाता सूची के साथ हेल्पडेस्क पर मौजूद रहेंगे।  साथ ही आने वाले मतदाताओं की सहायता करेंगे।इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी (दिव्यांगजन) मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर एवं जगह-जगह पर वॉलन्टियर की व्यवस्था की गयी है, जो कि पीडब्ल्यूडी (दिव्यांगजन) मतदाताओं की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे। गर्मी व लू को देखते हुए मतदान स्थलों पर जहां तक मतदाताओं की कतार हो, वहां तक छाया, शीतल पेयजल, शौचालय, साइनेज की व्यवस्था की गयी है। इसके साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगजनों के बैठने हेतु कुर्सियां, स्कूल बेंच की भी व्यवस्था की गई हैं। साथ ही मतदान प्रतिशत की जानकारी 2-2 घण्टे पर मीडिया को प्रेषित की जायेगी।

Also Read