Lucknow Airport : महिला यात्री ने विमान में किया हंगामा, रोकने पर सुरक्षाकर्मी का हाथ काटा

UPT | Lucknow Airport

Jun 18, 2024 18:26

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान में महिला यात्री ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने एक सुरक्षाकर्मी का हाथ काट लिया। महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

Short Highlights
  • विमान से उतारने पर केबिन क्रू से भिड़ी महिला
  • सुरक्षा​​कर्मियों ने महिला को किया पुलिस के हवाले
Lucknow News : चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के अंदर एक महिला यात्री ने जमकर हंगामा किया। उसने केबिन क्रू के साथ बदसलूकी की। महिला यात्री सुरक्षाकर्मियों के काफी समझाने पर भी नहीं मानी तो उसे विमान से उतार दिया गया। इससे उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने एक सुरक्षाकर्मी के हाथ में दांत से काट लिया। हालात बेकाबू होने पर महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना सोमवार देर रात की है।

सुरक्षाकर्मी का हाथ दांतों से चबाया
हवाई अड्डे के कर्मचारियों के मुताबिक, महिला यात्री तन्वी अकासा एयरलाइनस से लखनऊ से मुंबई जा रही थी। विमान में चढ़ने के बाद उसने हंगमा शुरू कर दिया। उसने विमान के अंदर सहयात्रियों के साथ लड़ाई की और केबिन क्रू के साथ भी बदसलूकी की। जिसके बाद केबिन क्रू ने उसे विमान से उतार दिया। तन्वी फिर से विमान में प्रवेश करने लगी तो सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस पर वह वह उनसे भिड़ गई। इस दौरान उसने एक सुरक्षा कर्मी के हाथ में दांत से काट लिया। हालात बेकाबू होने पर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
इस मामले में इंस्पेक्टर सरोजनीनगर शैलेंद्र गिरी के मुताबिक आरोपी महिला यात्री तन्वी गोमतीनगर की रहने वाली है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी महिला यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read