Weather Alert : मेरठ सहित पूरे पश्चिम यूपी में 24 घंटे का भीषण बारिश का अलर्ट, दर्ज की गई 60 मिमी बारिश

UPT | Meerut weather Update

Sep 13, 2024 09:14

मौसम विज्ञानी डॉ. एन सुभाष ने अभी 24 घंटे तक भीषण बारिश होने की संभावना जताई है। मेरठ में बारिश से सितंबर माह में अक्टूबर जैसा मौसम हो गया है।  

Short Highlights
  • अगले 24 घंटे जारी रहेगी झमाझम बारिश
  • मानसून की वापसी से सितंबर में अक्टूबर का मौसम
  • मेरठ का अधिकतम तापमान सात डिग्री तक गिरा
Weather Update : मेरठ सहित पूरे पश्चिम यूपी में 24 घंटे भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के चलते मेरठ में कई स्कूलों को आज शुक्रवार को बंद कर दिया गया है। चारों तरफ जलभराव के कारण आम लोगों को काफी परेशाानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञानी डॉ. एन सुभाष ने अभी 24 घंटे तक भीषण बारिश होने की संभावना जताई है। मेरठ में बारिश से सितंबर माह में अक्टूबर जैसा मौसम हो गया है।  

मानसून के वापस लौटने से झमाझम बारिश
बता दें इस बार मानसून की शुरूआती दौर में और सावन माह में अच्छी बारिश नहीं हुई। इस कारण मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई थी। सितंबर माह में मानसून के वापस लौटने से झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश आज शुक्रवार की सुबह तक जारी है। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ में अब तक 60 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। अभी शनिवार तक बारिश का मौसम ऐसा बना रहने की संभावना है। 

अधिकतम तापमान सात डिग्री गिरकर
24 घंटे में मेरठ का अधिकतम तापमान सात डिग्री गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अभी दो दिन तक बारिश की संभावना है। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। बारिश से शहर की हवा में सुधार हुआ है। मेरठ का  एक्यूआई 43 दर्ज किया गया। बारिश सब्जी के अलावा धान, गन्ने की फसल के लिए लाभप्रद है। 
 

Also Read