बागपत में केंद्रीय मंत्री : पुरा महादेव मंदिर में जनरल वीके सिंह ने कहा, 'किसान आंदोलन सिर्फ पंजाब से चल रहा'

UPT | बागपत के पुरा महादेव में भगवान आशुतोष की पूजा अर्चना करते गाजियाबाद के सांसद जनरल वीके सिंह।

Feb 19, 2024 15:06

पंजाब के असली किसान तो अपने खेतों में खेती कार्य में व्यस्त हैं। जो आंदोलन कर रहे हैं वो किसान कम व्यापारी और राजनीति करने वाले लोग ज्यादा हैं।

Short Highlights
  • किसान आंदोलन को सरकार के खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र बताया।
  • किसान जितना खुशहाल आज भाजपा सरकार में उतना कभी नहीं रहा।
  • नरेंद्र मोदी सरकार किसानों के साथ है और किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है।
Baghpat News : किसान आंदोलन को लेकर गाजियाबाद के सांसद केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने आज बागपत में पुरा महादेव मंदिर में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन सिर्फ पंजाब से चल रहा है। इसमें पंजाब के अलावा और कहीं का किसान शामिल नहीं है। उन्होंने किसान आंदोलन को सरकार के खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र बताया।
गाजियाबाद सांसद जनरल वीके सिंह ने कहा कि देश का किसान जितना खुशहाल आज भाजपा सरकार में उतना कभी नहीं रहा। किसानों के लिए योजनाएं चलाई जा रही है। इसी के साथ ही गन्ना किसानों का भुगतान भी समय पर हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा पंजाब के असली किसान तो अपने खेतों में खेती कार्य में व्यस्त हैं। जो आंदोलन कर रहे हैं वो किसान कम व्यापारी और राजनीति करने वाले लोग ज्यादा हैं। भाकियू टिकैत गुट को लेकर जनरल वीके  सिंह ने कहा भाकियू टिकैत गुट ऐसे षडयंत्रकारी आंदोलनों से दूर है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बातचीत से सभी समस्याओं का हल होता है। आंदोलन से सबसे अधिक परेशानी आम लोगों को होती है। जनता कितनी परेशान है इसकी चिंता आंदोलनकारियों को नहीं है।  

पुरा महादेव में किया जलाभिषेक
पुरा महादेव मंदिर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने सुबह भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने विधि विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कराकर भगवान आशुतोष पर जलाभिषेक कराया। इसके बाद जनरल वीके सिंह ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा पुरा महादेव मंदिर में आने का बहुत दिनों से मन था। लेकिन किसी न किसी कार्य के कारण आना नहीं हो पा रहा था। आज यहां आकर पूजा करके मन की इच्छा पूरी हुई है। 

नरेंद्र मोदी सरकार ने किसानों की खुशहाली के लिए काम किया
किसान आंदोलन पर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि यह आंदोलन पंजाब से चलाया जा रहा है। नरेंद्र मोदी सरकार किसानों के साथ है और किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है। आगे भी किसान हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। 

Also Read