सत्संग भवन का सेवादार गिरफ्तार : दो नाबालिग छात्राओं से दुष्कर्म का आरोप, मेडिकल जांच में गर्भवती होने से हुआ खुलासा

UPT | आरोपी सेवादार मोहनलाल

Oct 24, 2024 14:33

पुलिस ने राधा स्वामी सत्संग के मुख्य सेवादार मोहनलाल (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि सेवादार छात्राओं को नशीली दवाएं देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था...

Short Highlights
  • सत्संग भवन का सेवादार गिरफ्तार
  • दो नाबालिग छात्राओं से दुष्कर्म का आरोप
  •  8 महीने से कर रहा था दुष्कर्म
Bulandshahr News : बुलंदशहर जिले में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के सेवादार द्वारा दो छात्राओं से दुष्कर्म करने की घटना सामने आई थी। स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घटित इस घटना का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता को स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने राधा स्वामी सत्संग के मुख्य सेवादार मोहनलाल (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि सेवादार छात्राओं को नशीली दवाएं देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था।

प्रसाद के नाम पर देता था नशीली दवाएं
दरअसल, पीड़ित छात्राएं कस्तूरबा विद्यालय में कक्षा छह और सात में पढ़ती हैं। बच्चियों का घर आश्रम के सामने है, इसलिए वो नियमित रूप से सत्संग भवन में खेलने जाया करती थीं। आरोप है कि सत्संग भवन का सेवादार छात्राओं को प्रसाद की मीठी गोलियों के नाम पर नशीली दवाएं खाने को देता था। जब गोलियां खाने के बाद, छात्राएं बेहोश हो जाती थीं, तो वो उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता था। बताया जा रहा है कि वो पिछले आठ महीनों से ये गंदी हरकत करता आ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की उम्र और सामाजिक स्थिति के कारण किसी को उस पर संदेह नहीं था।



चार माह की गर्भवती है छात्रा
इस घटना का पता तब चला जब कक्षा सात की एक छात्रा ने लगातार पेट दर्द की शिकायत की। इसके बाद, चिकित्सकीय जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वह छात्रा चार माह की गर्भवती है। परिवार द्वारा पूछताछ करने पर सच्चाई सामने आई और यह भी पता चला कि दूसरी छात्रा के साथ भी ऐसा ही दुर्व्यवहार किया गया था। जिसके बाद, दोनों छात्राओं को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज
स्थानीय लोगों की मानें तो सत्संग भवन में नियमित रूप से धार्मिक गतिविधियां होती थीं और कई परिवारों के बच्चे वहां खेलने जाते थे। महिलाएं भी नियमित रूप से सत्संग में भाग लेती थीं। स्थानीय पुलिस ने पीड़ित परिवारों की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। वहीं, घटना का खुलासा होते ही आरोपी गायब हो गया था। पुलिस को शक है कि आरोपी सेवादार ने और भी बच्चियों को अपना शिकार बनाया है। जिसके बाद, गुरुवार को पुलिस ने आरोपी मुख्य सेवादार मोहनलाल को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें- सत्संग भवन में हुई शर्मनाक घटना : बच्चियों के साथ दुष्कर्म, पेट दर्द से सामने आया मामला

Also Read