Ghaziabad News : व्यापार बंधु बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

UPT | गाजियाबाद में डीएम की अध्यक्षता में व्यापार बंधु बैठक।

Sep 23, 2024 19:18

व्यापारियों की समस्याओं का तुरन्त निस्तारण कराया जाए। जनपद की पहचान उद्योग नगरी की है। जनपद के व्यापारियों को उद्योग के लिए अनुकूल माहौल दिया जाए।

Short Highlights
  • जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की बैठक
  • व्यापार बंधु बैठक से पूर्व विभागों ने किया कई शिकायतों का निस्तारण 
  • बैठक में नगर निगम, जीडीए, पुलिस, विद्युत, नगर पालिकाओं व अन्य विभागीय अधिकारी रहे उपस्थित
Ghaziabad News : गाजियाबाद जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम​ सिंह की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में व्यापार बंधु की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में नगर निगम, जीडीए, पुलिस, विद्युत, नगर पालिकाओं, खाद्य विभाग, वन विभाग व अन्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। विभिन्न व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा व्यापारियों की समस्याओं के बिन्दुओं को बैठक में रखा गया। व्यापारियों की समस्याओं से संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराते हुए समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। कुछ शिकायतों का बैठक से पूर्व विभागों द्वारा निस्तारण किया जा चुका था। जिसके लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 'शाबाशी' दी। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी द्वारा सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को समय दिया गया, जिसमें से अधिकाशं शिकायतों का आगामी बैठक से पूर्व ही निस्तारण हेतु आदेश दिये गए। 

व्यापारियों की समस्याओं का तुरंत कार्यवाही करते हुए निस्तारण
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का तुरंत कार्यवाही करते हुए निस्तारण करना है। अगर व्यापारियों को कोई समस्या है तो वह अपनी समस्याओं से अवगत कराएं। हमारी प्राथमिकता है कि व्यापारियों की समस्याओं का तुरन्त निस्तारण कराया जाए। जनपद की पहचान उद्योग नगरी की है। जनपद के व्यापारियों को उद्योग के लिए अनुकूल माहौल दिया जाए। बैठक में शुक्र बाजार चौक पर ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था सही कराने, मुरादनगर रावली रोड के पास सुलभ शौचालय, मलिक नगर के पास खुले नाले, जाम के कारण सिहानीगेट से घंटाघर वाले रास्ते पर बैट्री रिक्शा बंद कराने, नवयुग मार्केट में प्रकाश व्यवस्था, सेठ मुकंद लाल इण्टर कालेज के पास ट्रैफिक व्यवस्था हेतु कट जैसे कई मुद्दे बैठक में उठाये गये।


सड़क को क्षतिग्रस्त बताते हुए मरम्मत की मांग
बैठक में राष्ट्रीय व्यापार मंडल की ओर से लाल कुआं नंबर 24 पेट्रोल पंप के सामने से सरे होम्स व मानसरोवर कालोनी तक जाने वाली सड़क को क्षतिग्रस्त बताते हुए मरम्मत की मांग की गई। मरम्मत के लिए जिलाधिकारी की ओर से नगर निगम व गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि संबंधित सड़क का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही की जाए। 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी व अन्य मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, राज्य कर विभाग से संयुक्त आयुक्त श्रीराम गौंड, संयुक्त आयुक्त जिलाजीत सिंह, संयुक्त आयुक्त विशाल पुंडीर व व्यापार संगठनों की ओर से संदीप बंसल और प्रीतम लाल व अन्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन विनय कुमार गौतम उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर गाजियाबाद द्वारा किया गया।

Also Read