Narendra Modi-3.0 : हैट्रिक लगाने वाले सांसद कीर्तिवर्धन सिंह बने मोदी सरकार में मंत्री, जानिए इनके बारे में...

UPT | शपथ लेते कीर्तिवर्धन सिंह।

Jun 09, 2024 22:58

मोदी सरकार के 3.0 कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के लगभग 9 सांसदों को मंत्री बनाया गया है। इसी क्रम में एक नाम गोंडा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए कीर्तिवर्धन सिंह का भी शामिल है...

New Delhi News : मोदी सरकार के 3.0 कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के लगभग 9 सांसदों को मंत्री बनाया गया है। इसी क्रम में एक नाम गोंडा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए कीर्तिवर्धन सिंह का भी शामिल है। रविवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में कीर्तिवर्धन सिंह ने भी तीसरी बार बनी मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली है। कीर्तिवर्धन सिंह को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बहुत करीबी भी बताया जाता है। 

समाजवादी पार्टी के साथ की थी सियासी पारी की शुरुआत
कीर्तिवर्धन सिंह का जन्म 1 मार्च 1966 को लखनऊ में हुआ था। उन्हें पिता आनंद सिंह मनकापुर के शाही राजघराने के राजा हैं। कीर्ति वर्धन सिंह ने लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई की है। कीर्ति वर्धन सिंह को स्थानीय लोग राजा भैया कहकर बुलाते हैं। कीर्ति वर्धन सिंह ने अपनी सियासी पारी की शुरुआत समाजवादी पार्टी के साथ की थी। उनके पिता आनंद सिंह कांग्रेस के टिकट 4 बार गोंडा से ही चुनाव जीते थे।

दो बार सपा, दो बार भाजपा से सांसद
सियासत की पिच पर कीर्ति वर्धन सिंह का स्ट्राइक रेट अपने पिता से भी बेहतर रहा है। कीर्ति वर्धन सिंह पहले 1998 और 2004 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोंडा से चुनाव जीते थे। लेकिन 2009 में वह कांग्रेस के बेनी प्रसाद वर्मा से चुनाव हार गए। इसके बाद 2014 में मोदी लहर से प्रभावित होकर वह भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें भाजपा की तरफ से 2014 और 2019 में टिकट मिला और वह दोनों बार चुनाव जीत गए।

जब प्रदेश सरकार से भिड़ गए थे कीर्तिवर्धन
कीर्तिवर्धन सिंह की पहचान पर्यावरण एक्टिविस्ट के तौर पर भी है। जुलाई 2018 में वह ग्रीन ट्रिब्यूनल में राज्य सरकार से ही भिड़ गए थे। तब उत्तर प्रदेश में उनकी ही पार्टी भाजपा का शासन था। यह मामला उनके क्षेत्र में अवैध बालू खनन से जुड़ा था। इस केस में कीर्ति वर्धन सिंह को जीत मिली थी। कीर्ति वर्धन सिंह ने गोंडा में जीत की हैट्रिक लगातार एक रिकॉर्ड भाजपा के खाते में जोड़ दिया है। इसके पहले गोंडा में केवल कांग्रेस ने ही जीत की हैट्रिक लगाई थी। तब ये कारनामा कीर्ति वर्धन के पिता आनंद सिंह ने किया था।

कीर्तीवर्धन के पिता आनंद सिंह ने भी लगाई थी हैटि्क
कभी कांग्रेस का गढ़ कहा जाने वाला गोंडा जिला अब भाजपा के कब्जे में है। कीर्ति वर्धन सिंह यहां से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की श्रेया वर्मा को हराया है। श्रेया वर्मा उन्हीं बेनी प्रसाद वर्मा की पोती है, जिन्होंने 2009 में कीर्ति वर्धन सिंह को ही परास्त किया था। कीर्तिवर्धन सिंह के पिता आनंद सिंह भी सांसद रहे हैं। उन्होंने 1971 मेंपहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीता भी। इसके बाद 1980, 1984 और 1989 के बीच हुए तीन चुनाव में भी आनंद सिंह ने लगातार जीत दर्ज की थी।

Also Read