UP Assembly By-Election : सियासी अटकलों के बीच सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने फूलपुर से नामांकन दाखिल किया

UPT | नामांकन के बाद सपा नेता और कार्यकर्ताओं के साथ सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी

Oct 23, 2024 15:57

प्रयागराज की फूलपुर सीट पर तमाम अटकलों और संशय के बीच अपनी दावेदारी दिखाते हुए सपा के प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।

Prayagraj News : तमाम अटकलों और संशय के बीच सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने प्रयागराज की फूलपुर सीट पर बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर प्रदेश की 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपनी दावेदारी दिखा दी। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि इंडिया गठबंधन के चलते यह सीट कांग्रेस के खाते में जानी चाहिए थी। सपा प्रत्याशी के नामांकन के साथ ही तमाम अटकलें खत्म होती नहीं दिख रही हैं। नामांकन के वक्त सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा कांग्रेस का कोई नेता या कार्यकर्ता मौजूद नहीं था। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि फूलपुर सीट पर चुनाव लड़ने को लेकर इंडिया गठबंधन में घमासान चल रहा है।

सिद्दीकी ने किया जीत का दावा
सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने नामांकन दाखिल करने के बाद फूलपुर सीट पर जीत का दावा किया है। गठबंधन के सवाल पर सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने कहा कि वह संविधान और आरक्षण के साथ महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय मुद्दों को लेकर फूलपुर की जनता के बीच जाएंगे। वह इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें गठबंधन दलों का पूरा समर्थन मिल रहा है। लेकिन जब मुज्तबा सिद्दीकी से दोबारा गठबंधन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव के सिपाही हैं। अगर उनके नेता अखिलेश यादव चाहेंगे तो वह अपना नामांकन वापस ले लेंगे और कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार भी करेंगे।


सपा महासचिव बोले- कोई मतभेद नहीं
वहीं दूसरी तरफ सपा महासचिव इंद्रजीत सरोज इस मौके पर सपा प्रत्याशी के साथ मौजूद रहे। उन्हें फूलपुर उप चुनाव का प्रभारी भी बनाया गया है। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्धिकी का नामांकन इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में किया गया है। इंडिया गठबंधन प्रदेश की 9 सीटों पर होने वाले उप चुनाव को जीतने जा रहा है। लोक सभा चुनाव 2024 के समय इंडिया गठबंधन 18 हजार वोटों से सीट जीत चुका है। मुज्तबा सिद्दीकी 3 बार के विधायक रहे हैं। उनके नाम पर कोई मतभेद नहीं है। 

सिद्दीकी को जिताने का प्रयास करेंगे
गठबंधन के सवाल पर राष्ट्रीय महासचिव का कहना था सपा मुखिया अखिलेश यादव के कहने पर ही मुज्तबा सिद्दीकी ने आज नामांकन किया है। हालांकि कुछ भ्रामक खबरें गठबंधन को लेकर फैलाई जा रही है। इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता इस चुनाव में पूरी तरीके से मुज्तबा सिद्दीकी को जिताने का प्रयास करेंगे।

Also Read