Prayagraj News :  इस सीट से चुनाव लडे़ंगी कृष्णा पटेल, पल्लवी की मांग ने बढ़ाई अखिलेश की बेचैनी

UPT | कृष्णा पटेल

Mar 02, 2024 17:02

देश में कुछ ही महीने बाद लोकसभा चुनाव होने वाला है। इसे लेकर अभी से ही सभी राजनीतिक दलों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। इसी बीच, समाजवादी पार्टी के नेताओं का मूड...

Short Highlights
  • सपा का मजबूत गढ़ माना जाता है फूलपुर
  • फूलपुर से दो बार लोकसभा चुनाव जीती है सपा
Prayagraj News : देश में कुछ ही महीने बाद लोकसभा चुनाव होने वाला है। इसे लेकर अभी से ही सभी राजनीतिक दलों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। इसी बीच, समाजवादी पार्टी के नेताओं का मूड बदलता नजर आ रहा है। राज्यसभा चुनाव में सपा के मुखिया अखिलेश यादव के तौर-तरीकों पर सवाल उठाने वाली अपना दल कमेरावादी की नेता और सपा विधायक पल्लवी पटेल शांत बैठने के मूड में नहीं दिख रहीं हैं। लोकसभा चुनाव से पहले पल्लवी पटेल ने एक बार फिर अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सपा का मजबूत गढ़ माना जाता है फूलपुर
सूत्रों के मुताबिक, पल्लवी पटेल ने अखिलेश यादव से फूलपुर लोकसभा सीट से अपनी मां कृष्णा पटेल को टिकट देने की मांग की है, जिससे सपा में बैचेनी बढ़ गई है। सपा-कांग्रेस के गठबंधन में फूलपुर लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में आई हैं। इस लोकसभा सीट पर सपा का संगठन भी मजबूत है। सपा इस लोकसभा से दो बार चुनाव जीत चुकी है। बताया जा रहा है कि इस सीट पर समाजवादी पार्टी के पास जिताऊ उम्मीदवारों की लंबी लिस्ट भी है। फिलहाल, इस क्षेत्र में धर्मेंद्र यादव का नाम काफी चर्चा में है, लेकिन पल्लवी पटेल ने अब इस सीट पर अपनी मां और कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल का नाम आगे करना शुरू कर दिया है।

फूलपुर सीट चाहती हैं पल्लवी
पल्लवी पटेल के पिता सोनेलाल पटेल भी फूलपुर लोकसभा सीट से ही चुनाव लड़ते थे। अब पल्लवी पटेल ने अखिलेश यादव से फूलपुर लोकसभा से चुनाव लड़ने की बात कही है। सूत्रों के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव और पल्लवी पटेल के बीच इसे लेकर बात भी हुई है। अखिलेश यादव ने पल्लवी पटेल को मिर्जापुर लोकसभा सीट देने की बात कही है, लेकिन पल्लवी पटेल फूलपुर लोकसभा सीट चाहती हैं। बहरहाल, अखिलेश यादव ने अभी यह कहकर इसे टाल दिया है कि इस पर विचार किया जाएगा।

सपा नेताओं के बीच बढ़ी बैचेनी
कृष्णा पटेल का नाम आगे आने से सपा नेताओं के बीच बैचेनी बढ़ गई है। सपा नेताओं का मानना है कि वो यहां सालों से मेहनत कर रहे हैं, लेकिन अगर ये सीट कृष्णा पटेल को दे दी गई तो उनका क्या होगा। बहरहाल, फूलपुर से सपा किसे टिकट देगी, अभी इसे लेकर अखिलेश यादव की ओर से कोई संकेत नहीं दिए गए हैं।

Also Read