मुज्तबा सिद्धिकी को प्रत्याशी बनाने पर पार्टी में विरोध : सपा कार्यकर्ताओं ने इंद्रजीत सरोज के घर पर किया प्रदर्शन, जताया रोष

UPT | सपा कार्यकर्ताओं ने इंद्रजीत सरोज के घर पर किया प्रदर्शन

Oct 10, 2024 23:48

समाजवादी पार्टी ने प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए तीन बार विधायक रहे मोहम्मद मुज्तबा सिद्धिकी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

Prayagraj News : समाजवादी पार्टी ने प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए तीन बार विधायक रहे मोहम्मद मुज्तबा सिद्धिकी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। हालांकि, उनके नाम का ऐलान होने के दूसरे दिन ही पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध किया है। लगभग एक दर्जन कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और फूलपुर सीट के प्रभारी इंदरजीत सरोज के घर पर प्रदर्शन किया और टिकट को लेकर अपनी नाराजगी जताई।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश से था खास लगाव : रतन टाटा ने कहा था- यूपी ने चुराया मेरा दिल, बचपन से बुलंदी तक ऐसा था सफर...

कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
कार्यकर्ताओं का कहना था कि मुज्तबा सिद्धिकी 2022 का विधानसभा चुनाव हार चुके हैं, ऐसे में पार्टी को इस बार किसी दूसरे चेहरे पर दांव लगाना चाहिए था। हालांकि, पार्टी महासचिव इंद्रजीत सरोज ने प्रदर्शन कर रहे इन कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर किसी तरह से शांत कराया। आपको बता दें कि इस सीट पर कांग्रेस अपना प्रत्याशी उतारने की बात कह रही थी, लेकिन सपा ने उम्मीदवार की घोषणा कर सबको चौंका दिया।



तीन बार के विधायक हैं मुज्तबा
मुज्तबा सिद्दीकी तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह पहले दो बार सोरांव विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे, वहीं 2017 में बसपा के टिकट पर प्रतापपुर से विधायक बने थे। लेकिन 2022 के चुनाव से पहले उन्होंने बसपा को छोड़ सपा का दामन थाम लिया था। सपा ने उन्हें फूलपुर से उम्मीदवार भी बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। अब उन्हें फिर से मौका मिला है।

10 सीटों पर होने हैं उपचुनाव
उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें 9 सीटें विधायकों के लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद खाली हुई हैं। जबकि एक सीट विधायक को सजा होने पर रिक्त हुई है। समाजवादी पार्टी ने 6 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। अयोध्या की मिल्कीपुर सीट से अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को टिकट मिला है।

यह भी पढ़ें- कल यूपी में सार्वजनिक अवकाश का ऐलान : नवमी पर योगी सरकार ने लिया फैसला, बंद रहेंगे सभी संस्थान

Also Read