Lok Sabha Election 2024 : जौनपुर में गरजीं बसपा सुप्रीमो मायावती, बोली- कहने में कम और करने में अधिक विश्वास रखती हमारी पार्टी

UPT | बसपा सुप्रीमो मायावती

May 21, 2024 16:42

जौनपुर में बसपा सुप्रीमो मायावती ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होकर...

Jaunpur News : जौनपुर में बसपा सुप्रीमो मायावती ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होकर अकेले चुनाव लड़ रही है। मायावती ने दावा किया कि बनारस मंडल में उनकी पार्टी ने सभी समुदायों को मौका दिया है और जनसभा में उमड़ी भीड़ देखकर उन्हें विश्वास हो गया है कि पिछली बार से इस बार पार्टी का प्रदर्शन और भी बेहतर होगा।

'अच्छे दिन' का वादा सिर्फ प्रलोभन- मायावती
मायावती ने कांग्रेस, भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों की गलत नीतियों के कारण ही उन्हें राज्य और केंद्र की सत्ता से बाहर होना पड़ा। मायावती ने बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर द्वारा नेहरू सरकार को दिए गए इस्तीफे का भी जिक्र किया, जब उन्हें एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को समान आरक्षण नहीं दिया गया था। मायावती ने सभी राजनीतिक दलों पर आरक्षण पर केवल वोटों की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता समझ गई है कि 'अच्छे दिन' का वादा सिर्फ प्रलोभन था और इस सरकार ने पूंजीपतियों को अमीर करने के अलावा कुछ नहीं किया। मायावती ने इलेक्टोरल बॉन्ड मामले का भी जिक्र किया और कहा कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से साफ हो गया है कि भाजपा और कांग्रेस ने पूंजीपतियों से चुनाव लड़ने के लिए बड़ी रकम ली है।

“बसपा ने किया जनता के लिए काम”
इसके आगे मायावती ने अपनी पार्टी की उपलब्धियों का गुणगान करते हुए दावा किया कि बसपा की सरकारों ने किसानों का हित सर्वोपरि रखा और उन्हें खेती के लिए संसाधन उपलब्ध कराए तथा फसल का अच्छा मूल्य दिया। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर दलितों, आदिवासियों और किसान वर्ग को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। मायावती ने कहा कि भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों से देश महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की समस्याओं से जूझ रहा है।

कहने में कम, करने में विश्वास रखती बसपा- मायावती
मायावती ने विरोधी दलों पर उनके साम-दाम-दंड-भेद की नीति का आरोप लगाया और कहा कि वे केवल सत्ता पाने के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बसपा कहने में कम और करने में अधिक विश्वास रखती है। मायावती ने जनता से आग्रह किया कि वे बसपा प्रत्याशियों को वोट देकर मौका दें और पार्टी की सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीति पर विश्वास रखें।

Also Read