बलिया। त्योहारों से पहले जिले के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादला सूची जारी की गई। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र में पिछले महीने हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा नहीं होने के कारण थानाध्यक्ष वंश बहादुर को जिम्मेदारी से हटा दिया गया है और उन्हें प्रभारी डीसीआरवी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की जारी सूची के अनुसार दुबहड़ के थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल को नरही थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस फेरबदल में कुल 10 पुलिस कर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जिनमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक और थानाध्यक्ष शामिल हैं।
मुख्य तबादले और नए प्रभार
सूची में अन्य प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं: निरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय को पुलिस लाइन से उभांव का थानाध्यक्ष बनाया गया है। निरीक्षक हरिशंकर सिंह को नरही से सिकंदरपुर स्थानांतरित किया गया है, जबकि सुशील दूबे को सिकंदरपुर से खेजुरी भेजा गया है। उपनिरीक्षक राजेश बहादुर को एसटी से बांसडीह रोड का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा उनिरीक्षक मिथिलेश कुमार को पकड़ी से भीमपुरा, रंजीत विश्वकर्मा को भीमपुरा से पकड़ी, लालमणि सरोज को खेजुरी से चितबड़ागांव और उपनिरीक्षक बृजेश सिंह को चितबड़ागांव से दुबहड़ का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस विभाग का कहना है कि नए नामित प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के साथ साथ लंबित मामलों के शीघ्र खुलासे पर ध्यान देंगे। अधिकारियों को स्थानीय सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए कहा गया है।
जिले के कई थानों में कमान बदलने से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि चोरी और अन्य घटनाओं की जांच में तेज़ी आएगी। अब देखना बाकी है कि नई तैनाती से कितनी जल्दी लंबित मामलों का समाधान होता है और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था कितनी दुरुस्त रहती है।
स्रोत: अमर उजाला

