ब्रेकिंग

मुरादाबाद: 1.67 करोड़ की परियोजना व नए पार्कों से पर्यटन बदल रहा शहर

बुद्धि विहार में थीम पार्क और लोदीपुर धाम के जंभेश्वर मंदिर कॉरिडोर से धार्मिक-ऐतिहासिक पर्यटन को बल मिलेगा।

मुरादाबाद: 1.67 करोड़ की परियोजना व नए पार्कों से पर्यटन बदल रहा शहर
फोटो: अमर उजाला

मुरादाबाद। पीतल के काम के लिए मशहूर मुरादाबाद अब पर्यटन की नई पहचान बना रहा है। पिछले लगभग पांच वर्षों में नगर निगम और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने शहर में कई थीम-आधारित स्थल विकसित कराये हैं जो इतिहास, देशभक्ति, धर्म, संस्कृति, खेल व पर्यावरण एक साथ प्रस्तुत करते हैं।

बुद्धि विहार में त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय, हनुमान वाटिका, श्रीराम वाटिका, साहित्य संविधान पार्क और मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क जैसे स्थल विकसित किये गए हैं। नगर निगम की प्रमुख परियोजनाओं में सेत्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय और श्रीराम वाटिका का जून 2026 में लोकार्पण किया गया था।

नए पार्क और परियोजनाएँ

हनुमान वाटिका धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है। यह परियोजना करीब सवा एकड़ में बनायी गयी है जिसमें पंचवटी, अशोक वाटिका, हनुमानजी से जुड़े प्रसंगों की प्रतिमाएं और योग-ध्यान के लिए स्थान शामिल हैं। श्रीराम वाटिका में रामायण व भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आधुनिक पार्क रूप में दर्शाया गया है।

मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क देशज खेलों पर केंद्रित है और गिल्ली-डंडा, कबड्डी जैसे खेलों की विरासत नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास करता है। शहर के अन्य हिस्सों में पारंपरिक पार्कों को मनोरंजन व सार्वजनिक गतिविधियों के केंद्र में बदला गया है। जिला प्रशासन की वेबसाइट पर गौतम बुद्ध पार्क को भी पर्यटक स्थल के रूप में दर्ज किया गया है जिसमें झूले, फव्वारे और बैठने की सुविधाएं हैं।

एमडीए की योजनाओं में वेस्ट टू वंडर/सेवन वंडर्स पार्क शामिल है। न्यू मुरादाबाद योजना में करीब तीन एकड़ में यह पार्क बनाया जा रहा है जहां बेकार सामग्री से देश-विदेश की प्रसिद्ध इमारतों की प्रतिकृतियाँ बनाई जाएँगी। इसका लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना बताया गया है।

धार्मिक पर्यटन का विस्तार

लोदीपुर धाम स्थित श्री गुरु जंभेश्वर मंदिर का विकास भी पर्यटन मानचित्र में नया अध्याय जोड़ रहा है। जून 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जंभेश्वर मंदिर कॉरिडोर के विकास की घोषणा की थी। इसके बाद सितंबर में पर्यटन विभाग ने मंदिर के विकास हेतु 1.67 करोड़ रुपये की परियोजना का भूमि पूजन कराया।

परियोजना में बहुउद्देश्यीय हॉल, यात्री शेड, स्वागत द्वार, शौचालय ब्लॉक, पेवर ब्लॉक, प्रकाश व्यवस्था, लैंडस्केपिंग, म्यूरल वॉल, साइनेज और बैठने की सुविधाएँ शामिल हैं। मंदिर तक पहुंच आसान करने के लिए हरथला-लोदीपुर मार्ग का निर्माण भी कराया जा रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के मुताबिक ये कदम मुरादाबाद को केवल पीतल नगरी नहीं बल्कि घूमने-देखने व विरासत से परिचित होने वाला शहर बनाने की दिशा में उठाये गये हैं।

स्रोत: अमर उजाला

अगली खबरमुरादाबाद: बिलारी तहसील बार के अध्यक्ष बने आफाक हुसैन, 59 वोटों से जीतेमुरादाबाद: बिलारी तहसील बार के अध्यक्ष बने आफाक हुसैन, 59 वोटों से जीते
Alok Kumar

Alok Kumar

कई वर्षों से समाचार, योजना, रोजगार इत्यादि मामलों से जुड़े कार्यों में संलग्न।