आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और कई बार पलटते हुए खाई में जा गिरी। हादसा सुबह करीब 7:15 बजे डौकी थाना क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 15.400 पर हुआ।
पलटने के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठे तीन सवारियां खिड़कियों से निकलकर हवा में उछल गईं और सड़क की सुरक्षा जाली को पार करते हुए करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरीं। पत्थरों पर गिरने से भूपेंद्र (32), कपिल (30) और जयप्रकाश (29) की मौके पर ही मौत हो गई। चालक यशवंत (25) और चंद्रकांत (35) घायल हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
नगला देवहंस निवासी रमेश पुत्र लोटन सिंह ने बताया, “कार की रफ्तार बहुत तेज थी। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलटती चली गई। पीछे की सीट पर बैठे तीनों युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर हवा उछल गए।”
रमेश ने आगे कहा, “वह दृश्य देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे तीनों हवा में उड़ रहे हों।” घटना के समय रमेश शौच के लिए जा रहे थे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि कार दिल्ली के पालम गांव निवासी यशवंत कुमार चला रहा था और वह अपने रिश्तेदार बलिया के सहतवार के जयप्रकाश के गांव मंगित छाप जा रहे थे। कार में दिल्ली और उत्तराखंड के रहने वाले कुल पांच दोस्त सवार थे।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया और बाद में दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजा गया। मौके पर डौकी पुलिस, यूपीडा और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र और एडीशनल डीसीपी ट्रैफिक अल्का भी घटनास्थल का निरीक्षण करने गईं। ग्रामीणों की मदद से खाई से तीनों शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
स्थानीय स्थिती और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां एक्सप्रेस-वे पर ढलान है और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। घटना की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत: अमर उजाला

