आगरा मेट्रो कार्य ने पकड़ी रफ्तार : छावनी परिषद से मिली एनओसी, जल्द शुरू होगा काम, यहां बनेंगे स्टेशन

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Oct 07, 2024 16:36

आगरा मेट्रो परियोजना Uअब रफ्तार पकड़ रही है। इससे स्थानीय निवासियों में उत्साह का माहौल है। हाल ही में छावनी परिषद से मेट्रो ट्रैक निर्माण के लिए आवश्यक एनओसी मिल गई है...

Agra News : आगरा मेट्रो परियोजना अब रफ्तार पकड़ रही है। इससे स्थानीय निवासियों में उत्साह का माहौल है। हाल ही में छावनी परिषद से मेट्रो ट्रैक निर्माण के लिए आवश्यक एनओसी मिल गई है। अब जल्द मेट्रो से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का शुभारंभ किया गया है।

एनओसी मिलने के बाद की गई बैरिकेडिंग
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने जानकारी दी है कि एनओसी मिलने के साथ ही आगरा कैंट में बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया गया है। यह बैरिकेडिंग मेट्रो निर्माण कार्य के लिए प्राथमिक तैयारी का हिस्सा है, और जल्द ही यहां मिट्टी की जांच के लिए खुदाई का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा।

मेट्रो की विस्तृत योजना
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि आगरा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर पूरी तरह से एलिवेटेड होगा, जो आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक फैला होगा। इस कॉरिडोर में कुल 14 स्टेशन होंगे और इसकी कुल लंबाई लगभग 15 किलोमीटर होगी। यह कॉरिडोर एमजी रोड से होते हुए हाईवे से गुजरेगा। इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में अच्छी कनेक्टिविटी होगी। 



छावनी परिषद में यहां होंगे स्टेशन
इस नए मेट्रो कॉरिडोर में आगरा कैंट, सदर, और प्रतापपुरा जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे। जिनके लिए छावनी परिषद से सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। इससे स्थानीय निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्राप्त होंगी।

मिट्टी की जांच और निर्माण प्रक्रिया
मिट्टी की जांच के लिए यूपीएमआरसी द्वारा जल्द ही मशीनें लगाई जाएंगी। यह प्रक्रिया 15-20 मीटर गहराई तक खुदाई करके मिट्टी के नमूने एकत्रित करने पर आधारित होगी। इन नमूनों को प्रयोगशाला में भेजा जाएगा, जहां उनकी जांच की जाएगी। मिट्टी की गुणवत्ता के आधार पर ही पिलर निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, दूसरे चरण में रूट का सर्वेक्षण करने के लिए 6-7 विभागों के अधिकारी इस परियोजना का निरीक्षण करेंगे। इस सर्वेक्षण में अवरोधों और अन्य आवश्यकताओं की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिसके बाद समस्याओं का समाधान करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

बदलेगी आगरा की तस्वीर
आगरा मेट्रो परियोजना न केवल शहर के परिवहन नेटवर्क को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय विकास और रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। इस परियोजना के सफल कार्यान्वयन से आगरा की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। वहीं यह शहर को आधुनिकता की ओर अग्रसर करेगी। स्थानीय निवासियों की उम्मीदें अब इस परियोजना से जुड़ी हैं, जो आने वाले समय में उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी।

Also Read