Agra News : ताज नगरी के 77 गांवों के लिए खुशखबरी, 26 साल बाद एडीए करने जा रहा सीमा विस्तार...

UPT | आगरा विकास प्राधिकरण।

Jun 13, 2024 18:35

आगरा जनपद के ग्रामीण निवासियों के लिए विकास प्राधिकरण की तरफ से एक अच्छी खबर है। आगरा विकास प्राधिकरण 26 साल बाद सीमा विस्तार करने जा रहा है। अछनेरा नगर पालिका और किरावली नगर...

Agra News : आगरा जनपद के ग्रामीण निवासियों के लिए विकास प्राधिकरण की तरफ से एक अच्छी खबर है। आगरा विकास प्राधिकरण 26 साल बाद सीमा विस्तार करने जा रहा है। अछनेरा नगर पालिका और किरावली नगर पंचायत के साथ ही सदर तहसील के 77 गांव एडीए के क्षेत्र में जुड़ेंगे। विकास प्राधिकरण द्वारा सीमा विस्तार करने से विकास कार्यों को गति मिलेगी, वहीं, जमीन के दाम में भी तेजी आने के संकेत हैं। विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मण्डलायुक्त रितु माहेश्वरी ने सीमा विस्तार की योजना पर मुहर लगा दी है। 

मंडलायुक्त ने दिए थे अध्ययन के निर्देश
बताते चलें कि प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने वर्ष 2007 में एडीए को सीमा विस्तार के निर्देश दिए थे। दिसंबर, 2008 में शासन को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया था। पिछले वर्ष एडीए ने पुन: सीमा विस्तार का प्रस्ताव मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक को प्रेषित किया था। प्रस्ताव पुराना होने से सुधार के निर्देश दिए गए थे। विगत मार्च में हुई एडीए बोर्ड की 142वीं बैठक में सीमा विस्तार के एडीए पर पड़ने वाले प्रभाव पर अध्ययन करने के निर्देश मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने दिए थे।

कमिश्नर ने प्रस्ताव पर लगाई मुहर
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में हुई एडीए बोर्ड की बैठक में एडीए के सीमा विस्तार के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई। आगरा विकास प्राधिकरण ने दक्षिणी बाईपास (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को ग्वालियर रोड से जोड़ने वाला मार्ग) के एक ओर स्थित गांवों को ही सीमा विस्तार में लेने का प्रस्ताव पूर्व में तैयार किया था। मंडलायुक्त ने दक्षिणी बाईपास के दोनों ओर के गांवों को शामिल करने के निर्देश दिए थे। आगरा से फतेहपुर सीकरी मार्ग के दोनों ओर तीन-तीन किमी की परिधि में पड़ने वाले अछनेरा नगर पालिका और किरावली नगर पंचायत के गांव एडीए के क्षेत्र में जुड़ेंगे। इससे आगरा से फतेहपुर सीकरी तक एडीए का क्षेत्र विनियमित हो जाएगा।

एडीए में अब हो जाएंगे 245 राजस्व ग्राम
वर्ष 1974 से अस्तित्व में आए एडीए ने 29 अगस्त, 1985 को 163 गांवों को अपने क्षेत्र में शामिल किया था। इसके बाद 31 दिसंबर, 1985 को फतेहपुर सीकरी के पांच गांव गुड़ की मंडी, दादूपुरा, कादऊ बारऊ, सीकरी-2, सीकरी-4 को जोड़ते हुए सीमा विस्तार किया गया था। अब एडीए के क्षेत्र में आगरा निगम के साथ ही 245 राजस्व ग्राम शामिल हो जाएंगे।

यह गांव होंगे शामिल
एत्मादपुर : सुरहरा मुस्तकिल, गदपुरा।
फतेहाबाद : लखनपुर, गुढ़ा, सेवला गोरवा, वांगुरी, हिरनेरवादा खेड़ा, सिंगेचा, मुबारिकपुर।
किरावली : चौमा फरह, सींगना, जुगसेना, अरसेना, कासौटी, मंगूरा, रैपुरा अहीर, मुरैंडा, भिलावटी, कठवारी, कुकथल, नागर, सेहता, थापी, सहाई, रसूलपुर सदर, जाजऊ, नूरपुर, मलिकपुर, बाकंदा खास, करोई, नगला बहरावती, बहरावती खास, ताजपुर, भडकौल, सिगारपुर, विधापुर, बसेरी सिकंदर, सुपहरा, मनिया, सगुनापुर, नगला सिकरवार, सांथा, जिटौरा, सकतपुर, पाली सदर, जखा, महुअर, गोपऊ, धनौली, पुरामना आंशिक, वागकला, निनवाया, रायभा, बरौदा सदर, डाबली, बरौली, मोरी, अभुआपुरा, अभैदोपुरा।
खेरागढ़ : बिसहरा।
सदर तहसील : विसहरा कलां, खलौआ, खाल, लालऊ, गढ़सानी, सुतैडी, मनकेंडा, कुंडौल, विसारना, धमाैटा, कबूलपुर, समोगर अहतमाली, समोगर मुस्तकिल, सरवतपुर, ककरारी, सुजगई। 

Also Read