Agra News : किन्नर पर हथौड़े से जानलेवा हमला, बाइक सवार बदमाशों ने घर में घुसकर मचाया उत्पात

UPT | थाना शाहगंज

Mar 01, 2024 17:22

आगरा में एक किन्नर पर बाइक सवारों ने हथौड़े से हमला किया। बदमाशों ने सिर में हथौड़ा मार दिया। चीख-पुकार मच गई। बदमाश दूसरे किन्नर की तलाश में घर में घुसे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Agra News : आगरा में अभी तक महिला उत्पीड़न के मामले दिखाई और सुनाई देते थे। अब किन्नरों के उत्पीड़न के मामले भी सामने आ रहे हैं। आगरा में महिलाओं के साथ अब किन्नर भी सुरक्षित नहीं हैं। थाना शाहगंज के गजानन इलाक़े में बीते गुरुवार दोपहर को इंद्रा किन्नर के घर पर दिन-दहाड़े बाइक पर आए बदमाशों ने हमला बोल दिया। बदमाश एक किन्नर की तलाश में घर मे घुसे थे। किन्नर के न मिलने पर घर में मौजूद काजल और बबलू पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दोनों को लहूलुहान कर दिया। घर में चीख-पुकार मचने पर क्षेत्रवासी इकट्ठे हो गए तो बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना सुनकर अन्य किन्नर भी मौके पर जुट गए। शाहगंज पुलिस को सूचित कर घटनास्थल पर बुलाया गया।

बाइक सवार दो बदमाशों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज
घायलों को तत्काल पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मेडिकल के बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों के ख़िलाफ़ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बदमाश घर में लगे सीसीटीवी और डीवीआर भी तोड़ गए हैं। घर के मुखिया किन्नर इंद्रा और ममता सूचना पाकर दिल्ली से लौट रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उनके आने के बाद पूछताछ से पता लगेगा कि बदमाश किस किन्नर को खोज रहे थे और क्यों हमला किया गया है। 
क्षेत्र के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे वहीं इस मामले में थाना शाहगंज प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान ने बताया कि घायल किन्नरों से प्राप्त तहरीर पर मुक़दमा बीते गुरुवार को दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। 

Also Read