Firozabad News : पर्यटन मंत्री ने किया ऐतिहासिक कार्य, 47.47 करोड़ के ग्लास म्यूजियम की जनपद को दी सौगात

UPT | पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह।

Jun 24, 2024 02:15

फिरोजाबाद में कांच निर्माण की एक समृद्ध विरासत है, जो कई शताब्दियों पुरानी है। इसकी कांच फैक्ट्रियां विभिन्न प्रकार के कांच उत्पादों का उत्पादन करती हैं, जिनमें उत्तम झूमर और लैंप से लेकर जटिल चूड़ियां और सजावटी वस्तुएं शामिल हैं...

Firozabad  News : यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आज रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विधिवत तरीके से पूजन कर 47.47 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले ग्लास म्यूजियम एवं पर्यटन सूचना केन्द्र का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मंत्री का जनपद के कांच से जुडे़ उद्योगपतियोें, गणमान्य नागरिकों व जनप्रतिनिधियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री  ने कहा कि फिरोजाबाद कांच उद्योग का केंद्र है, जिसे ‘‘भारत का कांच शहर‘‘ भी कहा जाता है, अपने जीवंत कांच उद्योग के लिए प्रसिद्ध है। 

फिरोजाबाद में कांच निर्माण की एक समृद्ध विरासत
फिरोजाबाद में कांच निर्माण की एक समृद्ध विरासत है, जो कई शताब्दियों पुरानी है। इसकी कांच फैक्ट्रियां विभिन्न प्रकार के कांच उत्पादों का उत्पादन करती हैं, जिनमें उत्तम झूमर और लैंप से लेकर जटिल चूड़ियां और सजावटी वस्तुएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यापक परियोजना का उद्देश्य न केवल फिरोजाबाद में कांच बनाने की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करना है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं भी प्रदान करना है। प्रदर्शन क्षेत्रों, दीर्घाओं, ऑडिटोरियम और एक पर्यटन केंद्र का एकीकरण आगंतुकों के लिए एक बहुमुखी अनुभव ही सुनिश्चित नहीं कराऐगा बल्कि फिरोजाबाद के कांच उद्योग के महत्व और सुंदरता को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करेगा।

जून 2025 को पूरी हो जाएगी परियोजना
पर्यटन मंत्री ने इस परियोजना के बारे में विस्तार से बताया कि 450 सीटिंग क्षमता का एक ऑडिटोरियम हाॅल, 150 व्यक्ति की क्षमता का एक बहुउद्देशीय हॉल, एक प्रदर्शनी कक्ष, 50-75 व्यक्ति की क्षमता का कार्यशाला क्षेत्र, एक वॉच टावर, 120 व्यक्ति की क्षमता का कैफेटेरिया, 150 व्यक्ति की क्षमता का ओपन एयर थिएटर, बड़ी क्षमता वाले सम्मेलन कक्ष का पर्यटक सूचना केंद्र का बैठक कक्ष, कार्यालय के साथ ही ठहरने की सुविधाएं, चाहरदीवारी और अन्य साइट विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होने मौके पर ही पर्यटन के एम डी को म्यूजियम के कार्य पूर्ण होने का समय तय कराते हुए पूछा कि यह परियोजना जनपद वासियों को कबतक सौंप दी जाएगी। जिस पर एमडी ने बताया कि आगामी एक वर्ष मेें जून 2025 को परियोजना पूरी कर फिरोजाबाद की जनता को सौंप दी जाएगी। 

परियोजना पूरी करने में कोई कोताही न बरती जाए
मंत्री ने मंच सेे ही कार्यदायी संस्था को निर्देष दिए कि पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में परियोजना पूरी करने में कोई कोताही न बरती जाए, उन्होने कहा कि इसके लिए धन की कमी न होने दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होने यह भी बताया कि पिछली वित्तीय वर्ष में फिरोजाबाद के लिए पर्यटन विभाग द्वारा 165 करोड़ के विभिन्न कार्य हुए है। उन्होने कहा कि आगे भी वह फिरोजाबाद के विकास में कोई कोताही नहीं छोड़ेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की विभिन्न लाभार्थी परख योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री आवास की चाबी, विद्यार्थियों को टेबलेट, कृषि विभाग के लाभार्थियों को चेक आदि वितरण किए गए।

कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक मनीष असीजा, टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर, महापौर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष राकेष शंखवार, ब्लाॅक प्रमुख अरांव कमलेष राजपूत, जिलाधिकारी रमेश  रजंन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित व मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए इस बडी परियोजना के लिए पर्यटन मंत्री की सराहना करते हुए जनपद वासियों को इसके अनेकों लाभ बताए और जनपद में पर्यटन को बढावा मिलनेे से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के अवसर पैदा होने की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश मणिकंचन ने किया। इस अवसर पर प्रमुख उद्योगपति, कांच से जुडे़ कारीगर, व्यापरी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Also Read