Agra News : दीपोत्सव पर खाद्य विभाग ने कमर कसी, 60 से अधिक टीमें कर रहीं जांच और सैंपलिंग... 

UPT | दीपोत्सव पर खाद्य विभाग ने कमर कसी।

Oct 26, 2024 17:22

देश के बड़े पर्वों में से एक दीपोत्सव की तैयारियां हर तरफ देखी जा सकतीं हैं। त्योहारों के आते ही जिले में मिलावटखोरों की भी संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगती है। छोटी से लेकर बड़ी-बड़ी एवं प्रतिष्ठित संस्थानों पर मिलावटी खाद्य...

Agra News : देश के बड़े पर्वों में से एक दीपोत्सव की तैयारियां हर तरफ देखी जा सकतीं हैं। त्योहारों के आते ही जिले में मिलावटखोरों की भी संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगती है। छोटी से लेकर बड़ी-बड़ी एवं प्रतिष्ठित संस्थानों पर मिलावटी खाद्य सामग्री धड़ल्ले के साथ बेची जा रही है। सालभर मौन साधने वाला खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग (एफएसडीए) अब सक्रिय हो गया है। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने मिलावटखोरों को दबोचने के लिए जिले में 60 टीमों का गठन किया है। शहर से लेकर देहात तक मावों एवं अन्य सामग्रियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। एफएसडीए की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। 

जनता को जागरूक कर रहा विभाग
ताजनगरी में दीपोत्सव का पर्व आने से पहले खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसके लिए विभाग द्वारा शहर से लेकर देहात तक 60 टीमों का गठन किया गया है, जो मावों एवं  खाद्य सामग्री के सैंपल ले रही है। अगर कहीं मिलावटी खाद्य सामग्री पकड़ी जा रही है तो नष्ट कराने का भी काम किया जा रहा है। जिला अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा शशांक त्रिपाठी ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर लोगों को मिलावटी खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग द्वारा सैंपलिंग एवं मिलावट मिलने पर नष्टीकरण की भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बालूगंज और खोवा मंडी में सैंपल लिए गए हैं, लोगों को मिलावट के प्रति जागरूक किया गया है। 

शहर से गांव तक सक्रिय हैं टीमें
जिला अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि देहात क्षेत्र के चित्रहाट में इटावा के लिए मावा ले जाया जा रहा था, इसे खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग ने जांच की तो पता चला कि वह मिलावटी है। इस पर उसे तत्काल नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही फतेहपुर सीकरी में भी 50 किलो खोवा जब्त की गई है। शशांक त्रिपाठी ने कहा कि मिष्ठान की दुकानों पर रंगीन मिठाइयों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीम जगह-जगह जाकर उनकी सैंपलिंग कर रही है। इसके साथ ही व्यापारियों को भी चेतावनी दी जा रही है कि वह मिलावटी सामान न बेचें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शशांक त्रिपाठी ने कहा कि जिले में अगर किसी को मिलावट की आशंका होती है तो वह विभागीय नंबरों पर सीधे शिकायत कर सकता है। शिकायत अगर सही पाई जाती है तो शत-प्रतिशत कार्रवाई की जाएगी।

Also Read