Agra News : आसमान छूने को बेताब पारा, ताज के दीदार को आए 300 से अधिक सैलानी बीमार...

UPT | ताज के संगमरमर पर दिवाकर का कहर।

May 08, 2024 17:42

भीषण गर्मी कहर बरपा रही है। सबसे ज्यादा असर तो मोहब्बत की निशानी ताजमहल को देखने के लिए बाहर से आने वाली पर्यटकों पर देखने को मिल रहा है। प्रेम की प्रतिमूर्ति ताजमहल का दीदार करने के दौरान पर्यटक...

Agra News : भीषण गर्मी कहर बरपा रही है। सबसे ज्यादा असर तो मोहब्बत की निशानी ताजमहल को देखने के लिए बाहर से आने वाली पर्यटकों पर देखने को मिल रहा है। प्रेम की प्रतिमूर्ति ताजमहल का दीदार करने के दौरान पर्यटक बेहोश हो रहे हैं। उनका स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। पिछले डेढ़ महीने में ताजमहल का दीदार करने के दौरान 300 से अधिक पर्यटकों का स्वास्थ्य बिगड़ चुका है।

कहर बरपा रही गर्मी
बताते चलें कि भीषण गर्मी कहर बरपा रही है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक जा रहा है। ताजमहल के मुख्य गुंबद और सेंट्रल टैंक के बीच तेज धूप में पर्यटकों की तबीयत बिगड़ रही है। मंगलवार को आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इससे ताजमहल का दीदार करने आए 10 सैलानी बीमार हो गए। 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान में ताजमहल के मुख्य गुंबद और सेंट्रल टैंक के बीच तेज धूप में पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें प्राथमिक उपचार देना पड़ा।

इन सैलानियों की तबीयत बिगड़ी
मंगलवार को ताजमहल में चेन्नई से आए पलानिवेल, गुजरात से आए महेंद्र सिंह, अजित सिंह, देवबा लक्ष्मणजी, सुमन की तबीयत खराब हुई। इसके अलावा केरल से आई अन्ना मारिया, केएस मनिकल, मैसूर की रेशमा परवीन और मदीहा बेग को चक्कर आ गया। पर्यटक ताजमहल की दीदार के दौरान बीमार पड़ रहे हैं। इसीलिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने 'मे आई हेल्प यू' टीम को तैनात किया है, जो भीषण गर्मी में ताज के दीदार के दौरान बीमार पड़ रहे पर्यटकों को ओआरएस और ठंडा पानी उपलब्ध करा रहे हैं और डिस्पेंसरी ले जाकर प्राथमिक उपचार भी दिला रहे हैं।

दहकता संगमरमर बन रहा मुसीबत
पिछले डेढ़ महीने के दौरान ताजमहल में दहकते संगमरमर के कारण ताज का दीदार करते वक्त भीषण गर्मी से 300 से अधिक पर्यटकों की तबीयत खराब हो चुकी है। पुरातत्व विभाग पर्यटकों को गर्मी से बचाने के उपाय कर रहा है, लेकिन वो नाकाफी साबित हो रहा है।

Also Read