आगरा-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस : टाइम टेबल जारी, 23 सितंबर से शुरू होगी नियमित सेवा

UPT | वंदे भारत एक्सप्रेस

Sep 19, 2024 16:48

आगरा कैंट से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का टाइम टेबल अब जारी हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल उद्घाटन के बाद, यह ट्रेन 23 सितंबर 2024 से नियमित रूप से चलेगी।

Agra News : उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का टाइम टेबल अब जारी हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल उद्घाटन के बाद, यह ट्रेन 23 सितंबर 2024 से नियमित रूप से चलेगी। बुधवार को इस ट्रेन का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। आठ कोच वाली यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन आगरा से वाराणसी तक का सफर मात्र सात घंटे में पूरा करेगी, जो यात्रियों के लिए एक बड़ा राहतभरा अनुभव होगा।

वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20175 वाराणसी स्टेशन से दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 4:50 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इसके बाद, यह ट्रेन 6:57 बजे कानपुर सेंट्रल, 8:17 बजे इटावा, और 9:32 बजे टूंडला होते हुए रात 10:20 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंचेगी।
वापसी में, वंदे भारत ट्रेन संख्या 20176 सुबह 6:00 बजे आगरा कैंट से रवाना होगी। यह ट्रेन 6:48 बजे टूंडला, 7:40 बजे इटावा, 9:15 बजे कानपुर सेंट्रल, और 11:25 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। आखिर में यह ट्रेन दोपहर 1:00 बजे वाराणसी स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिनों में संचालित होगी।

सुविधाएँ और किराया
वंदे भारत एक्सप्रेस में चेयरकार और एग्जिक्यूटिव क्लास के कोच उपलब्ध होंगे, जो यात्रियों को एक आरामदायक और शानदार यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे। आगरा से वाराणसी तक की यात्रा का किराया जल्द ही निर्धारित किया जाएगा और इसके बारे में जानकारी 24 घंटे के अंदर सार्वजनिक की जाएगी।

वंदे भारत का वाराणसी में आगमन
यह वाराणसी स्टेशन के लिए पहली वंदे भारत एक्सप्रेस है, जो एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पहले, उत्तर रेलवे के कैंट स्टेशन से पांच वंदे भारत ट्रेनों का संचालन पहले से ही किया जा रहा है। 16 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर वर्चुअल तरीके से रवाना किया था, जिससे यह बनारस स्टेशन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुई है।

Also Read