मिल्कीपुर में उपचुनाव पर असमंजस : इलेक्शन कमीशन ने केवल 9 सीटों के लिए घोषित की तारीख, जानिए क्या है वजह

UPT | मिल्कीपुर में उपचुनाव पर असमंजस

Oct 15, 2024 16:55

चुनाव आयोग ने देश के 13 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का एलान कर दिया है। इसमें उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। मिल्कीपुर की सीट पर फिलहाल उपचुनाव नहीं होगा।

Short Highlights
  • मिल्कीपुर में उपचुनाव पर असमंजस
  • केवल 9 सीटों के लिए तारीख घोषित
  • अजीत प्रसाद हैं मिल्कीपुर से सपा प्रत्याशी
Ayodhya News : चुनाव आयोग ने देश के 13 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का एलान कर दिया है। इसमें उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। वैसे तो प्रदेश की 10 सीटों पर उपचुनाव होना है, लेकिन आयोग ने केवल 9 सीटों के लिए ही तारीखों को एलान किया है। मिल्कीपुर की सीट पर फिलहाल उपचुनाव नहीं होगा। कई लोगों के मन में ये सवाल आ रहा है कि जब यूपी की 9 सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं, तो फिर मिल्कीपुर को इससे अलग क्यों रखा गया है। तो चलिए हम आपको इसका जवाब दे देते हैं।

मिल्कीपुर में चुनाव क्यों नहीं?
मिल्कीपुर की विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर फिलहाल असमंजस है। माना जा रहा है कि इस सीट पर चुनाव कुछ समय बाद कराया जाएगा। दरअसल मिल्कीपुर सीट से समाजवादी पार्टी ने अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। अजीत के खिलाफ यूपी पुलिस ने अपहरण करने, बंधक बनाने और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। अजीत प्रसाद ने इस एफआईआर को कोर्ट में चुनौती दी है। संभावना जताई जा रही है कि इसी कारण आयोग ने यहां उपचुनाव को फिलहाल के लिए टाल दिया है।



यूपी में इस दिन होगी वोटिंग
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश की 9 सीटों पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। वहीं यूपी के साथ ही 39 अन्य विधानसभा सीटों और 3 लोकसभा सीटों के लिए भी वोटिंग होगी। चुनाव आयोग ने उपचुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भी तारीखों का एलान किया है। आपको बता दें कि देश के 13 राज्यों की कुल 48 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश की 9, राजस्थान की 7, पश्चिम बंगाल की 6, असम की 5, बिहार की 4, पंजाब की 4, कर्नाटक की 3, केरल की 3, मध्य प्रदेश की 2, सिक्किम की 2, गुजरात की 1, उत्तराखंड की 1 और छत्तीसगढ़ की 1 सीट पर उपचुनाव होना है।

महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तारीखें
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटें हैं। यहां कुल 9.63 करोड़ वोटर हैं। राज्य में 1,00,186 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं। यहां कुल 2.6 करोड़ वोटर हैं। वहीं राज्य में कुल 29,562 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। जबकि झारखंड में चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 13 नवंबर और दूसरा चरण 20 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती महाराष्ट्र के साथ ही 23 नवंबर को होगी।

यह भी पढ़ें- केजीएमयू-एसजीपीजीआई में रेजिडेंट डॉक्टरों का प्रदर्शन : भूख हड़ताल का एलान, अस्पतालों में भटक रहे मरीज

यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट : क्वालीफाइंग मुकाबलों में यूपी का दबदबा, जीत का सिलसिला जारी

Also Read