Ayodhya News : मोदी सरकार के बजट पर चर्चा करने अयोध्या पहुंचे प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव

UPT | स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से बात की।

Jul 29, 2024 09:30

प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि इस वर्ष का बजट सर्वसमावेशी है। बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान दिया गया है। सभी को साथ लेकर चलने वाला बजट सरकार के संकल्पों को दिखाता है। महिला, युवा, किसान व गरीब के लिए बजट में सम्भावनाएं है।

Short Highlights
  • केंद्र सरकार के इस बजट में हर वर्ग का ध्यान दिया गया
  • उत्तर प्रदेश में विकास के लिए मिला  2.44 लाख करोड़ का बजट

Ayodhya News : केंद्र सरकार के बजट में उत्तरप्रदेश को विशेष कुछ नहीं मिलने। सरकार को बचाने के लिए सहयोगी नीतीश और नायडू सरकार के लिए खजाना खोलने के विपक्ष के आरोपों पर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बजट में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी गिनाने अयोध्या पहुंचे। रविवार दोपहर प्रेसवार्ता कर रहे प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का कहना है कि इस वर्ष का बजट सर्वसमावेशी है। बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान दिया गया है। सभी को साथ लेकर चलने वाला बजट सरकार के संकल्पों को दिखाता है। महिला, युवा, किसान व गरीब के लिए बजट में सम्भावनाएं है।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बजट में वित्त मंत्री ने उत्तर प्रदेश में विकास के लिए 2.44 लाख करोड़ का आवंटन किया है। इस बजट से राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग व उर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। बैंक कर्ज गारंटी योजना से उत्तर प्रदेश की 20 लाख इकाईयों को जीवनदान मिलेगा व 22 लाख नए उद्यमी तैयार होंगे।

प्रदेश में 100 आईटीआई कॉलेज अपग्रेड होंगे 
मंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से एक हजार आईटीआई को हब और स्पोक व्यवस्था में अपग्रेड करने की घोषणा में उत्तर प्रदेश के 100 आईटीआई कालेज अपग्रेड होने की उम्मीद है। इससे 3.5 लाख युवाओं को फायदा होगा। इंटर्नशिप योजना उत्तर प्रदेश में दो लाख युवाओं को लाभान्वित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय औद्योगिक कारीडोर विकास कार्यक्रम के अर्न्तगत 12 औद्योगिक पार्को को मंजूरी दी जाएगी। देश के 100 बड़े शहरों के लिए जलापूर्ति सीवेज ट्रीटमेंट और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाएं एवं सेवाएं उपलब्ध करायी जायेगी। एक लाख करोड़ के वित्तीय कोष से निजी क्षेत्र में वार्णिजिक स्तर पर अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। मोदी सरकार ने उच्च शिक्षा हेतु छात्रों को 10 लाख रुपये तक ऋण के लिए वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है। नयी टैक्स व्यवस्था में वेतन भोगी कर्मचारियों को आयकर में 17 हजार 500 रुपये तक का टैक्स लाभ देने का प्राविधान बजट में दिया गया है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण की होगी शुरुआत 
केंद्रीय बजट में प्रदेश को उपलब्धियां बताने के दौरान प्रदेश मंत्री का कहना था कि खरीफ फसलों का डिजटल सर्वेक्षण किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण की शुरुआत की जाएगी। जिसके तहत 25 हजार ग्रामीणों बस्तियों को सभी मौसमों के अनुकूल सड़के उपलब्ध करायी जाएगी। मौके पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह मौजूद रहे। बजट को लेकर सहादतगंज स्थित भाजपा कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बजट की विशेषताओं के बारें में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

Also Read