विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर पदाधिकारी सम्मानित : 60 वर्षों के सफर में संस्कृति को बचाए रखने में निभाई अहम भूमिका

UPT | विश्व हिंदू परिषद के 60वां स्थापना दिवस पर सम्मानित होते पदाधिकारी।

Aug 30, 2024 23:50

विश्व हिन्दू परिषद के 60 वें स्थापना दिवस "षष्ठीपूर्ति" वर्ष का आयोजन नगर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित एवं श्रीराम दरबार व भारत माता के चित्र पर पुष्पार्जन करके किया गया।

Baliya News : हिन्दू संस्कृति, मानबिन्दु और परिवारों की रक्षा के लिए समर्पित प्रबल हिन्दुत्ववादी संगठन "विश्व हिन्दू परिषद" ने अपने 60वें स्थापना दिवस को "षष्ठीपूर्ति" के रूप में धूमधाम से मनाया। यह आयोजन नगर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में हुआ, जिसमें दीप प्रज्ज्वलन और श्रीराम दरबार एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का
शुभारंभ किया गया। जिला सत्संग प्रमुख संजेश तिवारी और बजरंग दल के जिला सह संयोजक सौमित्र पांडेय ने मंचासीन महानुभावों का परिचय कराया। कार्यक्रम की शुरुआत में बलिया के प्रसिद्ध गायक कृष्णा मिट्ठू ने अपने मधुर गीतों से सभी का मन मोह लिया।

60 सालों के सफर में हिन्दू संस्कृति के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई 
विश्व हिन्दू परिषद ने अपने 60 सालों के सफर में हिन्दू संस्कृति और मानबिन्दुओं के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्य अतिथि सगुण श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व हिन्दू परिषद ने न केवल भारत में, बल्कि सम्पूर्ण विश्व में हिन्दुओं, उनकी संस्कृति और हितों के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने बताया कि परिषद ने देश में बढ़ते अधर्म और
दुराचार का दृढ़ता से विरोध करते हुए भारतीय संस्कृति की रक्षा की है।

विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई स्थित महर्षि सन्दिपनी आश्रम में साधु-संतों द्वारा
हिन्दू संस्कृति के संरक्षण और पुनरुद्धार के उद्देश्य से की गई थी। प्रांत सह मंत्री मंगलदेव चौबे ने इस अवसर पर बताया कि परिषद ने अपने 60 वर्षों के दौरान अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपने सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया है। 

बजरंग दल के साहसिक कार्यों की भी सराहना की 
प्रांत संयोजक दुर्गेश प्रताप राव ने बजरंग दल के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि जब भी राष्ट्र और धर्म पर संकट आया, चाहे वह गौ तस्करी हो, धर्मांतरण हो, या राम मंदिर के लिए संघर्ष, बजरंग दल ने सदैव अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया है। उन्होंने बजरंग दल के साहसिक कार्यों की सराहना की और बताया कि यह संगठन अपने प्राणों की परवाह किए बिना
हिन्दू धर्म और संस्कृति की रक्षा में समर्पित है। 

इस कार्यक्रम में नवागत पदाधिकारियों और प्रखण्ड अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभाग मंत्री विवेकानंद पांडेय, जिला मंत्री भानू तिवारी, प्रांत प्रचार प्रभारी अजय श्रीवास्तव, अयोध्या के पूज्य संत महंत सुजीत दास सहित कई अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्याध्यक्ष कृष्णा सह ने की और संचालन एडवोकेट चंदन अखिलेश पाण्डेय ने किया।

Also Read