पटाखा विस्फोट के पीड़ितों से मिले सपा नेता : हर संभव मदद का भी दिया भरोसा, आर्थिक सहायता दिलाने किया वादा

UPT | पीड़ित परिवार से मिलते सपाई

Oct 08, 2024 21:03

यूपी के बरेली देहात के कल्याणपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने पटाखा विस्फोट के पीड़ितों से मुलाकात की। आंवला सांसद नीरज मौर्य, पूर्व मंत्री और भोजीपुरा विधानसभा से विधायक शहजिल इस्लाम, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया

Bareilly News : यूपी के बरेली देहात के कल्याणपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने पटाखा विस्फोट के पीड़ितों से मुलाकात की। आंवला सांसद नीरज मौर्य, पूर्व मंत्री और भोजीपुरा विधानसभा से विधायक शहजिल इस्लाम, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सपा नेताओं ने कहा कि "आपकी दुख की घड़ी में सपा आपके साथ है।" राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर वे पीड़ितों के साथ दर्द साझा करने आए थे। सपा कार्यकर्ता सबसे पहले सिरौली पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक फात्मा, निखत और सितारा के परिजनों से मिलकर दुख जताया।

7 लोगों को भेजा गया था जेल
इस दौरान पीड़ित परिजनों ने बताया कि परिवार की फात्मा, निखत और सितारा की मौत हो गई है। लेकिन, उनके पति नासिर, हसनैन और नाजिम को पुलिस ने जेल भेज दिया। इससे घर के बच्चे और बुजुर्ग बेसहारा हो गए हैं। परिवार में कोई कमाने वाला नहीं रह गया, जिसके चलते भुखमरी की स्थिति हो गई है। उन्होंने कहा कि नासिर के पास लाइसेंस है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पांच को जेल भेज दिया। इसमें नाजिम घटना के समय कश्मीर में काम कर रहा था, लेकिन उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परिवार के लोग रो-रोकर बुरा हाल कर रहे हैं।

विस्फोट से ध्वस्त मकान को देखा
इसके बाद सपा कार्यकर्ता कल्याणपुर पहुंचे। यहां विस्फोट से ध्वस्त मकान को देखा और फिर मृतक तबस्सुम के घर पहुंचे। गांव के प्रधान ने बताया कि वाहिद की पत्नी तबस्सुम और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने बताया कि घर के कमाने वाले जेल भेज दिए गए हैं, जिससे परिवार में कोई कमाने वाला नहीं बचा। कई दिनों से घर में खाना नहीं बना। घर के आर्थिक हालात काफी खराब हैं। पीड़ित परिजनों ने सपा कार्यकर्ताओं से मदद की गुहार लगाई, जिस पर उन्हें मदद का भरोसा दिलाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि वे डीएम से बात कर मदद कराएंगे और कानूनी कार्रवाई में भी सहायता करेंगे।

सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था इलाज
पटाखा विस्फोट में घायल फात्मा का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई। उन्हें जिला अस्पताल के डॉक्टर ने गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया था। इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हुई है। मृतक फात्मा (35 वर्ष) की जेठानी, देवरानी और भाभी समेत परिवार की पांच महिलाओं और दो बच्चों की इस हादसे में जान चली गई। मृतक फात्मा गिरफ्तार रहमान शाह की बेटी थी। इस घटना के फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिनमें से पांच को हिरासत में ले लिया गया है। सात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

सांसद और विधायक समेत अन्य नेता पहुंचे
सपा के आंवला सांसद नीरज मौर्य, विधायक एवं पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक आरके शर्मा, प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, प्रदेश प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी, प्रदेश सचिव कलीमुद्दीन, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष असलम खां, अमित यादव, जिराज सिंह यादव, डॉक्टर इंद्रपाल, वीडी वर्मा, हाफिज शब्बीर अहमद, विश्वास लोधी, हाजी आफताब अहमद, विकार अली गुड्डू, पूर्व चेयरमैन रईस अहमद, अफसर अहमद खां, डॉक्टर सदाकत हुसैन समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Also Read