बहराइच में पैगंबर मोहम्मद पर अभद्र टिप्पणी पर भड़के लोग : सड़क पर उतरकर किया हंगामा, हालात बिगड़ते देख पुलिस ने किया लाठीचार्ज

UPT | पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।

Oct 07, 2024 23:20

सुनार मंडी निवासी एक लड़का व चूड़ी वाली गली निवासी दूसरे समुदाय के एक लड़के के बीच सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर दोनों धर्मों को लेकर बहस हुई थी। इस दौरान दोनों बच्चों ने अपने-अपने धर्मों के पक्ष में टिप्पणी की थी।

Bahraich News : बहराइच जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पर पैगंबर मोहम्मद पर अभद्र कमेंट किया गया। इस पर नानपारा कस्बे में मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस उन्हें समझा रही थी कि अचानक भीड़ में से कुछ लोग भड़काऊ नारे लगाने लगे। पुलिस ने रोकने की कोशिश तो लोग उग्र हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ा। तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए कस्बे में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

जानकरी के मुताबिक सुनार मंडी निवासी एक लड़का व चूड़ी वाली गली निवासी दूसरे समुदाय के एक लड़के के बीच सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर दोनों धर्मों को लेकर बहस हुई थी। इस दौरान दोनों बच्चों ने अपने-अपने धर्मों के पक्ष में टिप्पणी की थी। बहस बढ़ने के बाद एक लड़के ने अपनी चैट डिलीट कर दी लेकिन दूसरे समुदाय के लड़के ने इसे डिलीट नहीं किया। पोस्ट वायरल हुई तो लोगों में गुस्सा भड़क गया। युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर गांधी पार्क के पास सोमवार रात सैकड़ों लोग सड़क पर आ गए। सूचना पाकर सीओ नानपारा, नगर कोतवाल और एसडीएम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाकर मामला शांत कराना चाह रहे थे। लेकिन, लोगों ने कहा- युवक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि नबी की शान में इस तरह की टिप्पणियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं।

इसी बीच भीड़ में शामिल लोगों ने भड़काऊ नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल गर्म हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। घटनास्थल से वीडियो फुटेज आए हैं। तमाम चप्पलें सड़क पर पड़ी नजर आईं। स्थानीय लोगों ने कहा कि नबी के शान में गुस्ताखी की है, आरोपी किशोर को गिरफ्तार किया जाए। जिसे देखो वही, हमारे नबी के खिलाफ बोल रहा है। नानपारा कस्बे में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी अनाउंस कर रहे हैं कि अफवाह न फैलाएं। माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नानपारा कोतवाली पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। जल्द ही आरोपी को पुलिस हिरासत में लिए जाने का दावा किया है। वहीं, युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह लोगों से अपने कमेंट पर माफी मांग रहा है। 

Also Read