ऑडियो क्लिप से यूपी की राजनीति में भूचाल : राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम जैसी आवाज, 'हमें सरकार में ढक्कन बना रखा'‚ बयान जारी कर बोलीं- फेक है

UPT | राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम।

Jun 21, 2024 23:36

सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो क्लिप ने यूपी की राजनीति में भूचाल ला दिया है। अब विजय लक्ष्मी ने खुद बयान जारी कर इसे एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया फेक ऑडियो बताया है। 

Deoria News : सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो क्लिप ने यूपी की राजनीति में भूचाल ला दिया है। यह कथित तौर पर उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम का कार्यकर्ताओं से बातचीत का बताया जा रहा है। अब विजय लक्ष्मी ने खुद बयान जारी कर इसे एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया फेक ऑडियो बताया है। 

ऑडियो क्लिप में क्या 
एक विवादास्पद ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें कथित तौर पर उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रही हैं। इस ऑडियो में राज्यमंत्री कीआवज में सुना जा सकता है कि उन्हें सरकार में केवल "ढक्कन" की तरह रखा गया है और मुख्यमंत्री उनकी बातों को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऑडियो में कथित तौर पर विकास कार्यों में धन आवंटन में असमानता का आरोप लगाया है। उन्होंने गोरखपुर के विकास के लिए दिए गए बड़े बजट का उल्लेख किया जबकि अन्य क्षेत्रों की उपेक्षा की गई। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में उनकी जरूरत है लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। विवादास्पद ऑडियो में क्षेत्रीय अध्यक्ष और एक एमएलसी को मुख्यमंत्री का करीबी बताया गया है। ऑडियो में क्षेत्रीय अध्यक्ष के लिए अपशब्दों का प्रयोग भी सुनाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश टाइम्स यह पुष्टि नहीं करता कि यह ऑडियो वास्तव में राज्यमंत्री का है या नहीं।

विजय लक्ष्मी बोलीं- छवि धूमिल करने का प्रयास
राज्यमंत्री ने इस मामले में देवरिया कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इसे सरकार विरोधी गिरोह का काम बताया है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बीच विजय लक्ष्मी गौतम ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट के माध्यम से इस ऑडियो को फर्जी बताया है। उन्होंने दावा किया है कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया एक फेक ऑडियो है, जो सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास है। उनका कहना है कि तथाकथित ऑडियो जिसको उनके नाम से बताकर वायरल किया जा रहा है, वह एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया फेक ऑडियो है। यह सरकार की छवि धूमिल करने का निंदनीय कृत्य और साजिश है।

कौन हैं विजय लक्ष्मी गौतम
2022 के विधानसभा चुनाव में विजय लक्ष्मी गौतमदेवरिया जिले की सलेमपुर सुरक्षित सीट से जीतीं। वह भारतीय जनता पार्टी विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री हैं। उनका राजनीतिक सफर 1992 में शुरू हुआ और उन्होंने अपने 30 वर्षों के राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। वह भाजपा के अलावा समाजवादी पार्टी में भी रह चुकी हैं। 2017 में जब भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया तो उन्होंने समाजवादी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। हालांकि बाद में वह भाजपा में वापस लौट आईं। भाजपा में अपने कार्यकाल के दौरान गौतम ने महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वह पार्टी की जिला मंत्री भी रही हैं। 

Also Read