बड़ी कार्रवाई : देवरिया में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता की गाड़ी से पुलिस ने उतरवाया हूटर, किया चालान

UPT | अखिलेश प्रताप सिंह की पुलिस से हुई बहस।

Jun 19, 2024 21:51

देवरिया में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह की गाड़ी से पुलिस ने उतरवाया हूटर और गाड़ी का किया चालान।

Short Highlights
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद देवरिया पुलिस हुई सख्त
  • हूटर हटवाने को लेकर अखिलेश प्रताप सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस, वीडियो वायरल
Deoria News : देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के भटवालिया चौराहे पर एक दिलचस्प वाकया सामने आया। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह की गाड़ी का पुलिस ने चालान कर दिया। पुलिस द्वारा उनकी गाड़ी पर लगा हूटर भी उतार दिया गया। यह घटना तब हुई जब अखिलेश प्रताप सिंह अपने काफिले के साथ भटवालिया चौराहे से गुजर रहे थे। पुलिस ने उनके काफिले को रोका और जांच के दौरान पाया कि उनकी गाड़ी पर हूटर लगा हुआ था। भारतीय कानून के तहत, सिविलियन वाहनों पर हूटर लगाना प्रतिबंधित है जो केवल आपातकालीन सेवाओं और कुछ सरकारी वाहनों के लिए ही अनुमत है। इस कार्रवाई के दौरान अखिलेश प्रताप सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। बता दें कि अखिलेश प्रताप सिंह देवरिया लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी भी रह चुके हैं।
देवरिया पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने न केवल हूटर उतरवाया, बल्कि गाड़ी का चालान भी कर दिया। अखिलेश प्रताप सिंह ने इस पर आपत्ति जताई और पुलिस अधिकारियों से बहस की। उन्होंने तर्क दिया कि उन्हें राजनीतिक कार्यों के लिए हूटर की आवश्यकता होती है, लेकिन पुलिस ने कानून का पालन करते हुए उनकी बात नहीं मानी। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने केवल कानून का पालन किया है और इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है। यह घटना चर्चा का विषय बन गई है और सोशल मीडिया पर भी इस पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे राजनीतिक प्रतिशोध के रूप में देख रहे हैं।

मुख्यमंत्री का आदेश के बाद पुलिस हुई सख्त 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अफसरों के साथ बैठक में दिए गए निर्देश के बाद पुलिस सड़कों पर उतर आई। इसके बाद हूटर और सायरन का इस्तेमाल कर हुड़दंग मचाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। इसी क्रम में आज देवरिया में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और देवरिया लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी रह चुके अखिलेश प्रताप सिंह के गाड़ी पुलिस ने हूटर हटवाया और चालान भी कर दिया जिसको लेकर जनपद देवरिया में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और आने वाले दिनों में इस पर और विवाद होने की संभावना है। 

Also Read