योगी के मंत्री का अजीबोगरीब फरमान : कहा- डीएम और एसपी फोन पर बोलें 'जी सर', भाजपा नेताओं का नंबर भी सेव करें

UPT | योगी के मंत्री का अजीबोगरीब फरमान

Sep 28, 2024 22:49

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंत्री महोदय ने डीएम और एसपी समेत जिले के सभी बड़े अधिकारियों के लिए फरमान जारी किया है।

Short Highlights
  • कुशीनगर के प्रभारी हैं दिनेश सिंह
  • हर पदाधिकारी का नंबर होगा सेव
  • ऐसे फरमान के पीछे की बताई वजह
Kushinagar News : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंत्री महोदय ने डीएम और एसपी समेत जिले के सभी बड़े अधिकारियों के लिए फरमान जारी किया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक विधायकों और सांसदों को फोन पर 'जी सर' या 'जी भाई साहब' कहें। इसके अलावा उन्होंने जिले में नियुक्त तहसीलदार, एसडीएम, डीएम और एसपी समेत सभी अधिकारियों को भाजपा नेताओं का नंबर सेव करने का भी फरमान सुनाया है।

कुशीनगर के प्रभारी हैं दिनेश सिंह
आपको बता दें कि दिनेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात के स्वतंत्र प्रभार मंत्री हैं। वह कुशीनगर के प्रभारी मंत्री भी हैं। इसी क्रम में वह कुशीनगर स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान मंत्री महोदय ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तहसीलदार, एसडीएम, थानेदार इन सबके फोन पर हर हालत में मेरे मंडलअध्यक्ष का नंबर सेव होगा।



हर पदाधिकारी का नंबर होगा सेव
मंत्री ने आगे कहा कि हमारे संगठन के जिले के हर पदाधिकारी का उपाध्यक्ष, महामंत्री तक हर हालत में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, एडीएम इन सबके फोन पर पूरे जिले के पदाधिकारियों का नंबर सेव होगा। अगर एडीएम को भी हमारा उपाध्यक्ष फोन करेगा, तो उन्हें 'जी भाई साहब' कहना पड़ेगा। मैं उम्मीद करता हूं कि सारे अधिकारियों के फोन पर हमारे विधायकों का नंबर सेव नहीं होगा। मेरी कोशिश होगी कि हर विधायक का नंबर जिले के अधिकारियों के फोन पर सेव हो और जब विधायक फोन करे, तो उन्हें कहना पड़ेगा 'जी सर'।

ऐसे फरमान के पीछे की बताई वजह
दिनेश प्रताप सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि 'विधायक संवैधानिक पद पर है और विधायक को सर कहना जिलाधिकारी की जिम्मेदारी है और प्रोटोकॉल भी है, जिसका मैं निर्वहन कराऊंगा। हमारे मंडल के पदाधिकारियों और जिले के पदाधिकारियों को 'जी भाई साहब' कहने का परंपरा डालने का मैं प्रयास करूंगा। ये कोई बहुत ज्यादा नहीं है। जब हमारे देश के प्रधानमंत्री मंडल अध्यक्ष को जी भाई साहब कहते हैं, तो कलेक्टर क्यों नहीं आपको जी भाई साहब कहेगा।

रायबरेली से चुनाव लड़े थे दिनेश सिंह
आपको बता दें कि दिनेश प्रताप सिंह पहले कांग्रेस के सदस्य थे। उन्होंने 2018 में भाजपा का दामन थाम लिया था। दिनेश प्रताप ने 2024 का लोकसभा चुनाव रायबरेली की सीट से लड़ा था। इस सीट वह राहुल गांधी के खिलाफ मैदान में उतरे थे। हालांकि वह चुनाव जीत नहीं पाए थे। वह वर्तमान में यूपी सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री हैं। दिनेश प्रताप सिंह को एक वक्त तक सोनिया गांधी का बेहद खास माना जाता था।

Also Read