Maharajganj News : केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री का महराजगंज में प्रथम आगमन पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

UPT | केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का स्वागत समारोह

Jul 04, 2024 16:10

स्वागत कार्यक्रम में गुरुवार दोपहर में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण…

Maharajganj News : महराजगंज लोकसभा सीट से सातवीं बार सांसद चुने गए और मोदी मंत्रिमंडल में दूसरी बार केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री बने पंकज चौधरी का जिले में गुरुवार को प्रथम आगमन हुआ। इसी क्रम में नगर पंचायत घुघली में नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल के नेतृत्व में सुभाष चौक बैकुंठी धाम रोड पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ। स्वागत कार्यक्रम में गुरुवार दोपहर में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं ढोल - नगाड़ों के साथ बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ जुटी रही और बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।   नगर अध्यक्ष ने एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव और चीनी मिलों को चालू कराने की रखी मांग स्वागत कार्यक्रम के दौरान घुघली नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने सातवीं बार महराजगंज लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने और दूसरी बार केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री बनाए जाने पर माला पहनाकर और पुष्प गुच्छ देकर पंकज चौधरी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी से घुघली रेलवे स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेन जननायक एक्सप्रेस और अवध एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव की मांग की। नगर अध्यक्ष ने घुघली में दो दशक से बंद चीनी मिल को चालू कराने या नए चीनी मिल के स्थापना के मांग को भी रखा। नगर अध्यक्ष ने वित्त राज्यमंत्री से घुघली नगर में पानी की टंकी के निर्माण के प्रस्ताव को भी नगर विकास अनुभाग से पास कराने के लिए पहल करने की बात कही। नगर अध्यक्ष ने सांसद पंकज चौधरी से बहुप्रतीक्षित घुघली आनंदनगर रेल मार्ग को अपने वर्तमान कार्यकाल में चालू कराने की मांग भी की।    जनता को लाख बार भरमाया गया फिर भी खिला कमल का फूल : पंकज चौधरी  स्वागत कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि इस बार लोकसभा के चुनाव में विरोधियों द्वारा जनता को लाख बार भरमाया गया फिर भी महाराजगंज में कमल का फूल खिल गया। उन्होंने आगे कहा की बड़ी - बड़ी शक्तियां लगी थीं की इस बार बरगद गिरा दिया जाएगा लेकिन जनता ने एक बार फिर बीजेपी पर भरोसा जताया है जिसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने आगे कहा की घुघली नगर अध्यक्ष की रेल संबंधित जो भी मांग है उसे रेलवे के उच्चाधिकारियों के समक्ष रखकर जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।    कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद  केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री के घुघली नगर में प्रथम आगमन पर स्वागत कार्यक्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, घुघली ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल, मनोज जायसवाल, सुधीर यादव, हेमंत गुप्ता, मन्नू जायसवाल, विवेक, बीजेपी के मंडल, सेक्टर और बूथ अध्यक्ष समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Also Read