लोकसभा चुनाव 2024 : अजय कपूर ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ, अब भाजपा में दिखाएंगे अपना जलवा

UPT | अजय कपूर

Mar 13, 2024 12:06

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। जानकारी के अनुसार तीन बार के विधायक और कानपुर के बड़े नेता अजय कपूर ने कांग्रेस का साथ...

Kanpur News : आगामी लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। जानकारी के अनुसार तीन बार के विधायक और कानपुर के बड़े नेता अजय कपूर ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। ऐसा कहा जा रहा है कि अजय कपूर आज बुधवार को बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही बता दें कि अजय कपूर ने ट्विटर बायो से कांग्रेस हटा दिया है। जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि वह किसी भी वक्त भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अजय कपूर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव थे और पार्टी ने उन्हें बिहार के सह-प्रभारी की भी जिम्मेदारी दी थी।

कौन हैं अजय कपूर
आपको बता दें कि अजय कपूर की गिनती यूपी कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती है। दरअसल अजय, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के करीबी नेताओं में थे। अजय कपूर को कानपुर की जनता ने गोविंदनगर और किदवई नगर सीट से 2002 से लेकर 2017 तक लगातार तीन बार विधायक चुना। इसके अलावा सूत्रों का दावा यह भी है कि अजय कपूर का नाम कानपुर से बीजेपी के उम्मीदवारों की रेस में भी आ सकता है।

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने किदवई नगर से अजय कपूर को अपना उम्मीदवार बनाया था लेकिन उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल उस समय बीजेपी उम्मीदवार महेश त्रिवेदी से कपूर को हार का सामना करना पड़ा था। महेश त्रिवेदी को करीब 38 हजार वोटों के साथ जीत मिली थी और अजय कपूर को करीब 76 हजार ही कुल वोट मिले थे।

जानिए कितनी कितनी संपत्ति के हैं मालिक
जानकारी के मुताबिक अजय कपूर की कुल संपत्ति करीब 69 करोड़ है। 2007 में नामांकन के दौरान अपनी कुल संपत्ति 5.28 करोड़ बताई थी। जबकि 2017 के विधानसभा चुनाव में नामांकन के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति 31.39 करोड़ बताई गई थी।

Also Read